FIR दर्ज होने के 1 महीने बाद भी गिरफ्तारी न होने पर सतनामी समाज का थाने का घेराव, पुलिस पर संरक्षण का आरोप

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के नवागढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर मारपीट के मामले में FIR दर्ज होने के एक माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से सतनामी समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी मुद्दे को लेकर भीम आर्मी के समर्थन में सतनामी समाज के लोगों ने नवागढ़ थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए।

यह मामला बेमेतरा जिले के ग्राम पेंड्री का है, जहां 26 दिसंबर 2025 को सतनामी समाज के दो युवकों को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस घटना में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की थी, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप

आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज सतनामी समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में नवागढ़ थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्पष्ट सबूत और पीड़ितों के बयान मौजूद होने के बावजूद पुलिस जानबूझकर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है।

पीड़ित परिवार को धमकी देने का दावा

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित युवकों और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। समाज ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए।

पुलिस का आश्वासन, तनाव का माहौल

सतनामी समाज और भीम आर्मी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। थाने में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Youthwings