एशिया कप से पहले Sanju Samson का धमाका – 42 गेंदों में शतक, गिल की ओपनिंग पोजिशन पर खतरा!
Sanju Samson
एशिया कप 2025 से पहले टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज Sanju Samson ने बल्ले से तूफानी प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींच लिया है। केरल क्रिकेट लीग में खेलते हुए उन्होंने महज 42 गेंदों में शतक जड़कर टीम मैनेजमेंट को बड़ा संदेश दे दिया है। इस पारी के बाद माना जा रहा है कि शुभमन गिल की ओपनिंग पोजिशन पर संकट गहरा सकता है।
तिरुवनंतपुरम में खेली गई धुआंधार पारी
संजू सैमसन इन दिनों केरल क्रिकेट लीग में अपने बड़े भाई सैली सैमसन की कप्तानी वाली टीम कोच्चि ब्लू टाइगर्स से खेल रहे हैं। तिरुवनंतपुरम में खेले गए मुकाबले में उन्होंने कोल्लम सेलर्स के खिलाफ विस्फोटक शतक लगाया। इसी पारी की बदौलत कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने 237 रन के लक्ष्य का आसानी से पीछा कर लिया।
16 गेंदों में अर्धशतक, 42 में शतक
संजू ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद उनका तूफान और तेज हो गया और उन्होंने केवल 42 गेंदों में शतक ठोक दिया। इस दौरान उनके बल्ले से 13 चौके और 5 छक्के निकले। संजू इस लीग में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं।
गिल के लिए बढ़ीं मुश्किलें
टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी को लेकर एशिया कप से पहले बड़ी चर्चा है। टीम मैनेजमेंट ने शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया है, लेकिन ओपनिंग स्लॉट पर अभी भी संजू और गिल के बीच कड़ा मुकाबला है। चयनकर्ता अजीत अगरकर पहले ही कह चुके हैं कि अभिषेक शर्मा के साथ संजू या गिल में से कोई एक ओपनिंग करेगा। अब संजू की इस धमाकेदार पारी के बाद कयास तेज हो गए हैं कि एशिया कप में वे ओपनिंग करेंगे और गिल को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है।
