स्वतंत्रता दिवस पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने फहराया तिरंगा, रायपुर के कई वक्फ संस्थानों में भी हुआ ध्वजारोहण
रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज ने राजधानी रायपुर में विभिन्न वक्फ संस्थानों में ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बोर्ड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिम्मी नाहिद, लेखा अधिकारी पवन कुमार सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। तिरंगा फहराने के बाद डॉ. सलीम राज ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
रायपुर के कई वक्फ संस्थानों में लहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डॉ. सलीम राज ने रायपुर के विभिन्न वक्फ संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया। इनमें बड़ी ईदगाह-दरगाह हजरत सैयद पहलवान शाह बाबा, मस्जिदे मोहम्मदी, मोहम्मदी पब्लिक स्कूल, लाखे नगर ईदगाहभाठा, हजरत फातेहशाह मजार एवं मस्जिद पुलिस लाइन टिकरापारा, दरगाह हजरत सैयद शेर अली आगा बंजारी वाले बाबा और अंजुमन उर्दू गर्ल्स स्कूल शास्त्री बाजार सहित कई स्थान शामिल रहे।
इन कार्यक्रमों में संबंधित वक्फ संस्थानों के मुतवल्ली, कमेटी पदाधिकारी, समाज के प्रमुख लोग, आम नागरिक और स्कूली बच्चे शामिल हुए। सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देशभक्ति के उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
एकता, अमन और भाईचारे का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सलीम राज ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए एकता, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत और विकसित बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने लोगों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
जिलों के वक्फ संस्थानों में भी हुए कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में स्थित वक्फ संस्थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। संबंधित मुतवल्लियों और कमेटी पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता दिवस मनाया। इन आयोजनों के जरिए वक्फ संस्थानों से जुड़े लोगों ने देश के प्रति सम्मान और एकता का संदेश दिया।
