तंत्र-मंत्र के शक में साधुओं की पिटाई, हाथ देखते ही युवक हुआ बेहोश, मचा बवाल

सूरजपुर। साधुओं को आमतौर पर श्रद्धा और सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है, लेकिन जब उनके कृत्य संदेह पैदा करें तो लोगों की भावनाएं पलटते देर नहीं लगती। ऐसा ही मामला सूरजपुर जिले के देवनगर गांव में सामने आया, जहां दूसरे राज्य से आए दो साधुओं को ग्रामीणों ने तंत्र-मंत्र के शक में पकड़कर पीट दिया।

जानकारी के अनुसार, दोनों साधु गांव में एक व्यक्ति का हाथ देखकर भविष्य बताने का दावा कर रहे थे। इसी दौरान वह व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। युवक के बेहोश होते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

ग्रामीणों को आशंका हुई कि साधु तंत्र-मंत्र या किसी तरह की झाड़-फूंक कर रहे हैं। इसी संदेह के चलते लोगों का गुस्सा भड़क गया और दोनों साधुओं की धुनाई कर दी गई। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा।

बाद में स्थिति शांत होने पर ग्रामीणों ने दोनों साधुओं को छोड़ दिया, जिसके बाद वे मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। फिलहाल मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Youthwings