कक्षा चौथी के प्रश्न पत्र में फिर ‘राम’ पर आपत्तिजनक सवाल, एक ही प्रिंटिंग प्रेस से छपाई, विहिप-बजरंग दल ने खोला मोर्चा

गरियाबंद : महासमुंद जिले के बाद अब गरियाबंद जिले में भी कक्षा चौथी के लोकल परीक्षा प्रश्न पत्र में ‘राम’ के नाम को लेकर आपत्तिजनक सवाल सामने आने से शिक्षा विभाग पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। पूरे रायपुर संभाग के पांच जिलों (रायपुर, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, बलौदाबाजार) में एक ही प्रश्न पत्र सेट किया गया और एक ही प्रिंटिंग प्रेस से छपाई हुई। इस पूरे मामले में लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) की भूमिका सवालों के घेरे में है।

विवादित प्रश्न पत्र का मामला

कक्षा चौथी के प्रश्न पत्र में पूछा गया सवाल ‘राम’ के नाम को अपमानित करने वाला माना जा रहा है। महासमुंद के बाद गरियाबंद में भी यही प्रश्न पत्र पहुंचा। अभिभावकों और धार्मिक संगठनों ने इसे गंभीर धार्मिक भावना आहत करने वाला बताया है।

संभाग स्तर पर एक साथ छपाई

पड़ताल से पता चला कि प्रश्न पत्र केवल महासमुंड और गरियाबंद में ही नहीं, बल्कि पूरे रायपुर संभाग के पांच जिलों के लिए एक ही थे। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा बनाई गई कमेटी ने प्रश्नों का चयन किया। संभाग स्तर पर लोकल परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों की छपाई का काम दुर्ग के शुभम प्रिंटिंग प्रेस को दिया गया। संभाग का कुल बजट करीब 2 करोड़ रुपये था।

जिलों को अलग-अलग बजट, फिर भी एक जगह छपाई

प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के लोकल परीक्षाओं के संचालन का प्रावधान माध्यमिक शिक्षा मंडल की गाइडलाइन के अनुसार स्थानीय स्तर पर होता है। छात्रों की संख्या के आधार पर वार्षिक और अर्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए अलग-अलग बजट का प्रावधान है।

गरियाबंद जिले के लिए 18 लाख रुपये का प्रावधान

बड़े जिलों में 30 लाख से ज्यादा का बजट

फिर भी जिला स्तर पर अलग-अलग छपाई के बजाय संभाग स्तर पर एक ही प्रिंटिंग प्रेस से छपाई कराई गई। इसके लिए डीपीआई को माध्यम बनाया गया। प्रश्न पत्र में सवाल की जवाबदारी इसी संस्थान की मानी जा रही है।

तिल्दा में सेट, राजनांदगांव में छपाई

जानकारी के अनुसार, रायपुर संभाग में रायपुर, महासमुंड, गरियाबंद, धमतरी, बलौदाबाजार सहित अन्य जिलों के लिए एक ही प्रश्न पत्र सेट किया गया था। इसे तिल्दा के एक शिक्षक ने तैयार किया और छपाई राजनांदगांव के शुभम प्रिंटिंग प्रेस में हुई। प्रिंटिंग प्रेस के मालिक आदेश श्रीवास्तव ने बताया कि जैसा प्रश्न पत्र तैयार कर दिया गया था, वैसा ही प्रिंट किया गया था।

गरियाबंद डीईओ जगजीत सिंह धीर ने कहा कि गरियाबंद के अलावा अन्य 14 जिलों के लिए एक ही जगह से प्रश्न पत्र आया था।

विहिप-बजरंग दल ने खोला मोर्चा

मामले के सामने आने के बाद विहिप और बजरंग दल ने शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बजरंग दल के नेता मोहित साहू ने सोशल मीडिया पर अपील की है कि आज दोपहर 2 बजे तिरंगा चौक में समस्त हिंदू कार्यकर्ता एकत्रित हों। इसमें ‘राम’ के नाम को अपमानित करने वाले डीईओ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की जाएगी।

डीपीआई की भूमिका पर सवाल

प्रश्न पत्र में गलत सवाल की जवाबदारी डीईओ के साथ-साथ लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के आला अधिकारियों पर भी आती है। सवाल यह है कि जिलों को अलग-अलग बजट आवंटित होने के बावजूद संभाग स्तर पर एक ही प्रिंटिंग प्रेस से छपाई क्यों कराई गई? प्रश्न सेट करने से लेकर छपाई तक की पूरी प्रक्रिया पर पारदर्शिता की कमी उजागर हुई है।

शिक्षा विभाग की प्रतिक्रिया

स्कूल शिक्षा विभाग ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार विभाग इस मामले की जांच कर रहा है और जल्द ही स्पष्टीकरण जारी करेगा।

यह मामला छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता और प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल खड़ा कर रहा है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले प्रश्न पत्र के कारण अब विरोध तेज हो गया है।

Youthwings