रियल इस्पात एंड एनर्जी प्लांट हादसा: 6 मजदूरों की मौत, परिजनों को मिलेगा 45 लाख तक मुआवजा
रियल इस्पात एंड एनर्जी प्लांट हादसा
बलौदाबाजार: जिले के तहसील भाटापारा अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात एंड एनर्जी इस्पात पावर प्लांट में गुरुवार को हुए भीषण हादसे में छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित बर्न एवं ट्रीटमेंट सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा:
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के दौरान काम कर रहे छह श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए कारखाना प्रबंधन ने मृतकों और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रबंधन के अनुसार, प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजनों को 20 लाख रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी, वहीं प्रत्येक घायल श्रमिक के परिजन को 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
बीमा निगम के माध्यम से मिलेगा जीवनयापन भत्ता:
इसके अतिरिक्त मृतक श्रमिकों के परिजनों को कर्मचारी क्षतिपूर्ति कोष से औसतन 10 लाख रुपये की राशि तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम के माध्यम से पेंशन के रूप में आगामी वर्षों में औसतन 15 लाख रुपये की सहायता राशि प्राप्त होगी। इस प्रकार प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजन को कुल मिलाकर औसतन 45 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलने की बात कही गई है। वहीं घायल श्रमिकों को इलाज के दौरान और कार्य पर वापसी तक कर्मचारी राज्य बीमा निगम के माध्यम से नियमानुसार जीवनयापन भत्ता भी दिया जाएगा। हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्लांट में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और कुछ गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाई गई है। प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में प्लांट परिसर एवं उसके आसपास की कानून व्यवस्था पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी हुई है।
मृतक और घायल श्रमिकों की सूची
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह मजदूर बिहार के ग्राम गोटीबांध के निवासी थे, जिनमें विनय भुईया (39 वर्ष), बद्री भुईया (52 वर्ष), सुंदर भुईया (49 वर्ष), श्रवण भुईया (22 वर्ष), जितेंद्र भुईया (37 वर्ष) और राजदेव भुईया (22 वर्ष) शामिल हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल मजदूरों में बिहार के ग्राम गोटीबांध निवासी रामू भुईया और कल्फु भुईया के साथ-साथ झारखंड के ग्राम राजहरा निवासी सराफत अंसारी, मुमताज अंसारी और साबिर अंसारी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज बिलासपुर में जारी है।
read more : रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: संपत्ति कर नहीं चुकाने वाले 15 बड़े बकायादारों के परिसरों पर ताला
