Ram Mandir Donation Case: आरोपी के घर मिला ‘रामराज्य कोष’ का संदूक, ऊपर चिपका था Paytm QR कोड.. जांच में उठे कई बड़े सवाल
Ram Mandir Donation Case:
जांच टीम को संदूक पर Paytm QR कोड मिला, श्रद्धालुओं से धन संग्रह के लिए संगठित गिरोह के इस्तेमाल की आशंका
Ram Mandir Donation Case: श्रीराम मंदिर चढ़ावा गबन मामले की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। जांच टीम ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला के घर पर छापेमारी के दौरान ‘रामराज्य कोष’ लिखा एक संदूक बरामद किया है। हैरानी की बात यह है कि संदूक पर Paytm का QR कोड भी चिपका मिला, जिससे श्रद्धालुओं से धन संग्रह किए जाने की आशंका जताई जा रही है। जांच एजेंसियों को इस पूरे मामले में किसी संगठित गिरोह की भूमिका होने का संदेह है।
फिलहाल मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला जेल में बंद है। इससे पहले 28 जून को पुलिस ने मामले से जुड़े सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी की थी। टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा के आवासों की भी तलाशी ली गई थी। वहीं, अविनाश शुक्ला के घर को जांच के दौरान सील कर दिया गया था। पुलिस ने कौशलपुरी फेस-1 स्थित उसके किराए के मकान पर भी दबिश दी थी और पूरे क्षेत्र को निगरानी में लेकर जांच की थी।
मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और श्रीराम शंकर यादव उर्फ टिन्नू शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।
इस बीच अदालत ने सभी आठ आरोपियों की न्यायिक अभिरक्षा 13 जुलाई तक बढ़ा दी है। आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि मामले में आगे और भी अहम खुलासे हो सकते हैं। इसी कड़ी में आरोपियों के घरों और उनसे जुड़े अन्य स्थानों की जांच लगातार जारी है।
