पानी संकट पर निगम दफ्तर में मटका फोड़ प्रदर्शन, उपायुक्त ने समाधान का दिया आश्वासन
Raipur: रायपुर के कचना क्षेत्र स्थित स्वास्तिक नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बसे परिवारों ने पानी की समस्या को लेकर नगर निगम मुख्यालय के सामने बुधवार को मटका फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने उपायुक्त विनोद पांडेय को ज्ञापन सौंपते हुए बोरिंग कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की।
स्थानीयों के अनुसार, 20 जनवरी को आकाश तिवारी से मुलाकात के बाद पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाई गई थी। 3 फरवरी को उन्होंने क्षेत्र का दौरा कर बोरिंग कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका और टैंकरों से ही जलापूर्ति की जा रही है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से नाराज लोगों ने निगम की अनदेखी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
निवासियों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कॉलोनी बनाकर गरीब परिवारों को यहां बसाया गया, लेकिन पीने का पानी, सड़क और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। पिछले एक वर्ष से अधिक समय से लोग टैंकरों पर निर्भर हैं और बोरिंग की मांग लंबित है।
उपायुक्त विनोद पांडेय ने 5 मार्च तक बोरिंग कार्य पूरा कराने और तब तक टैंकरों की संख्या बढ़ाने का आश्वासन दिया है। आकाश तिवारी ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा तक कार्य पूरा नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
