अमित बघेल फरार : कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी, करीबियों के घर पुलिस ने दी दबिश
राजधानी रायपुर में पुलिस ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। रविवार देर रात पुलिस ने उनके करीबियों के घरों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने अजय यादव के धरमनगर टिकरापारा स्थित मकान और शिवेंद्र वर्मा (निवासी सद्दू) के घर पर दबिश दी। इस संबंध में सीएसपी रमाकांत साहू ने बताया कि अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं।
सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी से भड़का विवाद
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब अमित बघेल ने सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति टूटने की घटना को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उनके इस बयान को लोगों ने महापुरुषों और समाज विशेष का अपमान बताया।
बघेल के बयान के बाद सिंधी समाज सहित कई समुदायों में तीव्र आक्रोश फैल गया। राज्य के विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और बघेल की गिरफ्तारी की मांग उठने लगी।
बिलासपुर में सिंधी समाज का प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग तेज
बिलासपुर में सोमवार को सिंधी समाज के सैकड़ों लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसी समाज के महापुरुषों या ईष्ट देवताओं का अपमान असहनीय है और ऐसे बयानों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की निंदा
इस विवाद पर राज्य के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि — “देश में किसी को भी किसी का अपमान करने का अधिकार नहीं है। मैं इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करता हूं। छत्तीसगढ़ की धरती पर किसी भी महापुरुष का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
