नशे के विरुद्ध कमिश्नरेट रायपुर सख्त : पैदल पेट्रोलिंग पर निकले ADCP-ACP समेत 35 अधिकारी

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर (मध्य जोन) में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पैदल पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध चेकिंग का विशेष अभियान चलाया गया। इस विजिबल पुलिसिंग अभियान के तहत मध्य जोन के आधा दर्जन से अधिक संवेदनशील इलाकों में सघन कार्रवाई की गई।

अभियान का नेतृत्व एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने किया। अभियान में एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू, थाना प्रभारी तेलीबांधा, सिविल लाइन सहित करीब 35 अधिकारी और जवान शामिल रहे।

पुलिस टीम ने देवार पारा, तेलीबांधा बीएसयूपी कॉलोनी, श्याम नगर, मरीन ड्राइव समेत अन्य इलाकों में पैदल मार्च किया और संदिग्ध क्षेत्रों की गहन चेकिंग की। इस दौरान अवैध मादक पदार्थ गांजा, शराब की बोतलें और अन्य नशीली सामग्री बड़ी मात्रा में बरामद की गई।

सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को यातायात बाधित न करने और नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। अड्डेबाजों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को थाने भेजा गया। शराब भट्टियों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई। चाकूबाजी करने वालों और अन्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी गई। दुकानों के बाहर अव्यवस्थित रूप से रखे गए सामान को हटवाकर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

Youthwings