अमित शाह का 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ दौरा : 8 को रायपुर में बैठक के बाद जाएंगे बस्तर
अमित शाह
रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वे 7 फरवरी की रात रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद 8 फरवरी को सुबह रायपुर में नक्सलवाद को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।
रायपुर में होगी अहम बैठक
रायपुर में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, सहित नक्सल मोर्चे से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में अब तक नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। रायपुर में समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर जाएंगे, जहां वे पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अमित शाह पंडुम महोत्सव में शामिल हो चुके हैं।
नक्सलवाद समाप्त करने की डेडलाइन नजदीक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने की समय-सीमा तय की है। इस घोषणा के बाद से छत्तीसगढ़ समेत नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान तेज कर दिए गए हैं। अब डेडलाइन में केवल दो महीने का समय शेष है। लगातार चल रही कार्रवाई के चलते नक्सली संगठन कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं। मुठभेड़ों में नक्सलियों के मारे जाने के साथ-साथ बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण के मामले भी सामने आए हैं। केंद्र सरकार इस अभियान को लेकर पूरी तरह गंभीर नजर आ रही है।
