Budget Session 2026 : संसद में बजट सत्र शुरू: राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण में विकास, किसान और स्टार्टअप पर जोर

Budget Session 2026

Budget Session 2026

Budget Session 2026 : नई दिल्ली: आज 28 जनवरी 2026 से संसद का बजट सत्र शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से हुई। यह बजट सत्र (Budget Session 2026) दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रस्तावित है।

दो चरणों में होगा बजट सत्र

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के एक्स (X) पोस्ट के अनुसार, दूसरे चरण में बजट पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पहले चरण के दौरान आज संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी (रविवार) को आम बजट (Budget Session 2026) प्रस्तुत करेंगी।

किसान सरकार की पहली प्राथमिकता: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने अभिभाषण में कहा कि सरकार खुशहाल किसान को विकसित भारत की पहली प्राथमिकता मानती है। इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की गई, जिससे करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।

ग्रामीण विकास और रोजगार पर जोर, विपक्ष का हंगामा

राष्ट्रपति ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और रोजगार सृजन के लिए ‘विकसित भारत–जीआरएमजी कानून’ बनाए जाने का उल्लेख किया। इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने विरोध दर्ज कराते हुए नारेबाजी की। राष्ट्रपति ने दावा किया कि सरकार सच्चे सामाजिक न्याय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

EU के साथ FTA से रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (FTA) सेवा और विनिर्माण क्षेत्र को नई गति देगा। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार और घोटालों पर प्रभावी नियंत्रण किया है और सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।

स्टार्टअप हब के रूप में उभरा भारत

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत तेजी से स्टार्टअप हब के रूप में उभर रहा है।
जहां एक दशक पहले देश में केवल 500 स्टार्टअप थे, वहीं आज इनकी संख्या हजारों में पहुंच चुकी है। इसके लिए सरकार की विभिन्न स्टार्टअप प्रोत्साहन योजनाओं को श्रेय दिया गया।

तकनीक, AI और खेलों में भी प्रगति

राष्ट्रपति ने कहा कि देश में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। साथ ही सरकार और युवाओं के साझा प्रयासों से खेलों का भी व्यापक विकास हुआ है। खेलो इंडिया जैसी योजनाओं से खेल संस्थानों में पारदर्शिता आई है।

ग्लोबल साउथ की बड़ी ताकत बनता भारत

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत आज ग्लोबल साउथ की एक मजबूत आवाज बनकर उभरा है। BRICS, SCO और G20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सरकार जल्द ही ग्लोबल AI समिट का आयोजन करने जा रही है।

read more : सोना-चांदी के आसमान छूते दाम: पायल-बिछिया भी अब आम आदमी की पहुंच से बाहर

Youthwings