राजधानी में सट्टा और अवैध शराब के नेटवर्क का भंडाफोड़… तीन गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने गांधी नगर क्षेत्र में चल रहे बड़े सट्टा और अवैध शराब के सिंडिकेट पर छापेमारी कर सर्जिकल स्ट्राइक की है। शनिवार शाम को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से 1 लाख 21 हजार रुपये नकद, सट्टा पर्चियां और भारी मात्रा में गोवा स्पेशल व्हिस्की बरामद हुई। इस कार्रवाई से शहर के बड़े सटोरिए और शराब सप्लायरों के नाम भी सामने आए हैं।

गांधी नगर में सटोरियों का अड्डा

सउनि प्रवीण प्रधान को मुखबिर से सूचना मिली कि गांधी नगर में रवि साहू के घर के सामने सट्टा खेला जा रहा है और अवैध शराब की बिक्री हो रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, तो वहां भगदड़ मच गई। सट्टा खेलने वाले भाग निकले, लेकिन तीन मुख्य गुर्गे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने आरोपियों से 28 पन्ना सट्टा पट्टी, कार्बन पेपर, पेन और 1,21,050 रुपये नकद जब्त किए। इसके अलावा एक स्टील की पेटी से 90 पौव्वे गोवा स्पेशल व्हिस्की (लगभग 16 लीटर) बरामद हुई। तलाशी में 2 लाख रुपये की बैंक डिपॉजिट स्लिप भी मिली, जिसमें ‘आशा साहू’ का नाम दर्ज है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

मुख्य आरोपी के खुलासे से बड़ा नेटवर्क उजागर

गिरफ्तार मुख्य आरोपी मोहम्मद रफीक खान ने पूछताछ में बताया कि वे गांधी नगर निवासी रवि साहू के लिए काम करते हैं। रवि साहू सट्टे का मुख्य ‘खाईवाल’ है और अवैध शराब भी वही सप्लाई करता है।

सिंडिकेट के अन्य नाम

शराब सप्लाई: नरेश तांडी

सट्टा लिखने वाले: राकेश तनेजा, शिव, जेसर तांडी और श्याम तांडी

पेमेंट हैंडल करने वाले: नितिन, नाना उर्फ सिंधी, रिंग राज और लैंडी उर्फ संजय जुल्फेकर

पुलिस अब इन सभी की तलाश कर रही है और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की तैयारी में है। मामले में जुआ और आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

Youthwings