रायपुर उड़नदस्ता ने बिना तिरपाल कोयला-राखड़ ढोने वाले 188 वाहनों पर की सख्त कार्रवाई, जुर्माना ₹2.18 लाख
रायपुर: परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश के आदेश और उप परिवहन आयुक्त डॉ. रविशंकर के निर्देशन में, परिवहन विभाग रायपुर के उड़नदस्ता दल ने सड़क सुरक्षा और आम जनता की सुविधा के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व प्रभारी अधिकारी सी.के. साहू ने किया, जिसमें बिना तिरपाल के कोयला और राखड़ परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
₹2.18 लाख जुर्माना वसूली गई:
अभियान के दौरान कुल 188 वाहनों पर चालान किया गया और ₹2,18,000 की आर्थिक जुर्माना वसूली गई। टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई वाहन बिना तिरपाल के सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
200 GSM के तिरपाल से वाहनों को पूरी तरह ढकना अनिवार्य :
वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि कोयला और राखड़ जैसे माल के परिवहन के दौरान कम से कम 200 GSM के तिरपाल से वाहनों को पूरी तरह ढकना अनिवार्य है। इसके अलावा, शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन की फिटनेस, बीमा, और परमिट जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के भी निर्देश दिए गए।
प्रभारी अधिकारी सी.के. साहू ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और जनता को बेहतर सुविधा मिल सके।
