लव स्टोरी बनी क्राइम स्टोरी… प्रेमी को बाइक दिलाने के लिए प्रेमिका बनी चोर, कैश और ज्वेलरी पर किया हाथ साफ
कांकेर। जिले के डूमरपानी गांव में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने प्रेमी को मोटरसाइकिल खरीदने के लिए पैसे देने के मकसद से अपने ही परिचित के घर में लाखों की चोरी कर डाली। नरहरपुर थाना के अंतर्गत हल्बा चौकी क्षेत्र में हुई इस वारदात का खुलासा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर कर दिया और आरोपी प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।
सब्जी बेचने गए थे घर के मालिक, लौटे तो टूटा मिला ताला
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2025 को पीड़ित कन्हैया पटेल ने चौकी हल्बा में शिकायत दर्ज कराई कि 8 अगस्त की दोपहर करीब 1 बजे वह डूमरपानी से बाजार में सब्जी बेचने गया था। रात 8 बजे घर लौटने पर उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि कमरे में रखी दो पेटियों से करीब ₹95,000 नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं। चोरी गए गहनों में सोने का मंगलसूत्र, मराठी माला, कान के टॉप्स, चांदी की करधनी और पायल शामिल थे।
गांव के ही युवक-युवती पर गिरी पुलिस की नजर
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चौकी प्रभारी निरीक्षक मालिक राम केवट के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। जांच में सामने आया कि गांव के ही करूणा पटेल और ताम्रध्वज विश्वकर्मा घटना के दिन संदिग्ध रूप से घूमते देखे गए थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां करूणा पटेल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
प्रेमी को बाइक खरीदने के लिए रची साजिश
पूछताछ में करूणा ने बताया कि उसके प्रेमी ताम्रध्वज को मोटरसाइकिल खरीदने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी कारण दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई। घटना के दिन दोपहर 2 बजे करूणा घर में घुस गई और ताम्रध्वज बाहर से निगरानी करता रहा। उसने बसूला से ताला तोड़कर पेटियां खोलीं और नकद व गहने निकाल लिए। नकदी प्रेमी को दे दी, जबकि आभूषण अपने घर में छिपा दिए।
₹2 लाख का माल बरामद
पुलिस ने ताम्रध्वज के घर से ₹95,000 नकद और करूणा के घर से सभी गहने बरामद कर लिए। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग ₹2 लाख है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक मालिक राम केवट, प्रधान आरक्षक सुकदेव ध्रुव, आरक्षक चंद्रभान टेकाम और पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
