Raipur Double Murder Verdict: चरित्र संदेह में पत्नी और बेटी की हत्या करने वाले योगेश वर्मा को उम्रकैद

Raipur Double Murder Verdict: राजधानी से लगे खरोरा थाना क्षेत्र के घिवरा गांव में हुए दिल दहला देने वाले डबल मर्डर केस में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। पत्नी और बेटी की गला रेतकर हत्या करने वाले दोषी योगेश कुमार वर्मा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। यह फैसला एट्रोसिटी के स्पेशल जज पंकज कुमार सिन्हा की अदालत ने सुनाया।

यह वारदात पिछले साल 20 मई 2024 को सामने आई थी, जब चरित्र संदेह में योगेश वर्मा ने अपनी पत्नी जानकी वर्मा और 19 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। मामले में 13 गवाहों की गवाही के बाद आरोपी को दोषी करार दिया गया।

घटना वाले दिन योगेश नशे की हालत में घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। पड़ोसियों ने भी घर से झगड़े की आवाजें सुनी थीं। बेटे विवेक वर्मा के अनुसार, वह दिन में अपने मामा के घर गया हुआ था और देर शाम जब अपने घर लौटा तो दरवाज़ा नहीं खुला। मामा को बुलाकर छत से झांककर देखा तो मां कमरे में मृत पड़ी थी, गले में गमछा बंधा था। दूसरे कमरे में उसकी बहन खून से लथपथ मिली। पिता घर से गायब था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर को सील कर दिया और तलाश शुरू की। योगेश वर्मा को खरोरा–तिल्दा मार्ग से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार भी किया।

बताया गया कि 8 मई को बड़ी बेटी भारती की शादी के बाद योगेश का शक और बढ़ गया था, जिसके चलते उसने पत्नी और छोटी बेटी दोनों की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया था।

Youthwings