कॉलेज के सामने शराब दुकान से छात्राएं परेशान, ABVP और छात्रों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्थित शासकीय इंद्रावती महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कॉलेज के मुख्य द्वार के ठीक सामने भोपालपट्टनम मार्ग पर स्थित शराब की दुकान के कारण आए दिन छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं। शराब के नशे में धुत लोग रास्ता रोककर अश्लील टिप्पणियां करते हैं और राहगीर छात्राओं को परेशान करते हैं।
तंग आकर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जिला प्रशासन से शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
छात्राओं ने बताया कि कॉलेज की छुट्टी के बाद शराब दुकान के बाहर खुलेआम शराब पीने वालों का जमावड़ा लग जाता है। कई बार तो रास्ते से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। डर के मारे कई अभिभावक अपनी बेटियों को कॉलेज भेजने से कतरा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ABVP के छात्र नेताओं ने खुलासा किया कि यह मांग नई नहीं है। वर्ष 2019 में तत्कालीन कलेक्टर के.डी. कुंजाम को भी शराब दुकान हटाने के लिए लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे छात्रों में भारी रोष है।
छात्रों का कहना है कि शिक्षण संस्थान जैसे संवेदनशील क्षेत्र में शराब दुकान का संचालन न सिर्फ अनुचित है, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी है।

इस मामले में भोपालपट्टनम के एसडीएम से पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन बार-बार फोन करने पर भी उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। प्रशासन की इस चुप्पी ने छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा और बढ़ा दिया है।
अब देखना यह है कि बढ़ते विरोध और छात्राओं की सुरक्षा के सवाल पर जिला प्रशासन कब जागृत होता है और कॉलेज जाने का रास्ता छात्रों के लिए पूरी तरह सुरक्षित हो पाता है या नहीं।
