Rahul Gandhi का बड़ा आरोप: चुनाव आयोग और बीजेपी ने मिलकर किया ‘चुनावी फ्रॉड’, वोटर लिस्ट में घोटाले का दावा
Rahul Gandhi
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि देश में एक सुनियोजित और संगठित तरीके से चुनावी धांधली की जा रही है, जिसमें खुद चुनाव आयोग की मिलीभगत है। राहुल गांधी ने इसे “आपराधिक चुनावी धोखाधड़ी” और “संवैधानिक अपराध” करार दिया है।
महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट घोटाले का आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद से नवंबर 2024 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों तक करीब 40 लाख नए वोटर लिस्ट में जुड़ गए, जो संदिग्ध हैं। उनका दावा है कि ये वोटर पारदर्शिता के बिना जोड़े गए और इसका मकसद सिर्फ बीजेपी को फायदा पहुंचाना था।
डिजिटल वोटर लिस्ट न देना है साजिश
राहुल ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जानबूझकर मशीन-रीडेबल यानी डिजिटल वोटर लिस्ट नहीं दे रहा है, ताकि कोई जांच या विश्लेषण न हो सके। उन्होंने कहा कि जो लिस्ट दी जा रही है उसमें हजारों फर्जी या डुप्लीकेट एंट्री हैं, और कई जगह वोटरों की फोटो या तो गायब है या साफ नहीं है।
5 बजे के बाद अचानक वोटिंग बढ़ी – संदेह का विषय
राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान शाम 5 बजे के बाद अचानक वोटिंग प्रतिशत बढ़ने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी अनियमितता है और इसी समय बड़े पैमाने पर फर्जी वोटिंग कराई गई।
कर्नाटक में भी फर्जी वोटिंग का दावा
राहुल ने कर्नाटक की महादेवपुरा विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां 1 लाख से ज्यादा फर्जी वोटर मिले हैं। उन्होंने कहा कि एक ही पते पर सैकड़ों वोटर रजिस्टर्ड हैं और यह पूरी तरह से फर्जीवाड़ा है।
6 महीने में मिली जानकारी, डिजिटल डेटा होता तो 30 सेकंड में खुलता राज
राहुल ने बताया कि कांग्रेस को इस फर्जीवाड़े का पता लगाने में छह महीने लग गए, जबकि अगर चुनाव आयोग ने मशीन-रीडेबल डेटा दिया होता तो यह सच्चाई 30 सेकंड में सामने आ जाती।
“ये सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं, लोकतंत्र पर हमला है”
राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी या राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि भारत के लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि वह बीजेपी की मदद कर रहा है और निष्पक्ष संस्था नहीं रहा।
न्यायपालिका से हस्तक्षेप की मांग
राहुल ने न्यायपालिका से अपील की कि वह इस गंभीर मुद्दे में हस्तक्षेप करे। उन्होंने इसे संवैधानिक संकट करार देते हुए कहा कि अगर चुनावी प्रक्रिया में ऐसा ही होता रहा तो देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा।
33 हजार से कम वोटों से बीजेपी ने जीती 25 सीटें
राहुल गांधी ने यह भी बताया कि बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनावों में 25 सीटें ऐसी जीती हैं, जहां जीत का अंतर 33 हजार से भी कम था। उन्होंने कहा कि अगर इन सीटों पर वोटर लिस्ट में हेरफेर हुई है तो इसका मतलब है कि चुनाव का पूरा नतीजा ही प्रभावित हुआ है।
