बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’, जानिए पूरा शेड्यूल
पटना। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी बिहार में एक बड़ी राजनीतिक पहल करने जा रही है। पार्टी ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की शुरुआत 17 अगस्त से करने वाली है, जिसका नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे। यह 16 दिन लंबी यात्रा 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा के साथ समाप्त होगी। राजनीतिक जानकार इसे कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मान रहे हैं।
शुरुआत सासाराम से
यात्रा का आगाज 17 अगस्त को रोहतास जिले के सासाराम से होगा। सुबह 11:30 बजे रेलवे स्टेडियम में आयोजित रैली में राहुल गांधी को यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके बाद दोपहर का भोजन राज विलास रिसॉर्ट में होगा। शाम 4 बजे यात्रा डेहरी-ऑन-सोन बाजार के थाना चौक पहुंचेगी और रात 7:30 बजे औरंगाबाद के रमेश चौक पर राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। रात्रि विश्राम कुटुम्बा के बभंडीह खेल मैदान में होगा।
दूसरे दिन का कार्यक्रम
18 अगस्त को सुबह 8 बजे यात्रा देव रोड, अंबा, कुटुम्बा से आगे बढ़ेगी। शाम 7:30 बजे गया के खलीस पार्क के पास जनसभा होगी, जिसके बाद रात्रि विश्राम रसलपुर क्रिकेट मैदान, गया में किया जाएगा।
यात्रा का व्यापक कार्यक्रम
16 दिनों की इस यात्रा में राहुल गांधी बिहार के कई जिलों का दौरा करेंगे। 14वें दिन, यानी 30 अगस्त को वे छपरा पहुंचेंगे और शाम को आरा के वीर कुंवर सिंह पार्क में जनसभा करेंगे। 15वें दिन, 31 अगस्त को यात्रा को विश्राम दिया जाएगा।
पटना में भव्य समापन
यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में होगा, जहां राहुल गांधी एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। खास बात यह है कि 1 सितंबर ही मतदाता सूची में आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि भी है, जिससे इस यात्रा का राजनीतिक महत्व और बढ़ जाता है।
