‘आधी बांह वाले कपड़े पहनें,फुटवियर में केवल चप्पल की अनुमति’: PWD सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा, व्यापम ने बदले नियम
रायपुर: छत्तीसगढ़ व्यापम (व्यावसायिक परीक्षा मंडल) ने 20 जुलाई को आयोजित होने वाली PWD सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा नियमों में बड़ा बदलाव किया है। हाल के वर्षों में सामने आई हाईटेक नकल की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सख्त की गई है।
नई गाइडलाइन के मुख्य बिंदु:
-
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले ज्वेलरी और फुल स्लीव कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा। इन नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-
हर परीक्षा केंद्र पर CCTV कैमरे और मेटल डिटेक्टर की निगरानी में अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी।
-
व्यापम ने नकल की विभिन्न श्रेणियों और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई संबंधी दिशा-निर्देश भी सार्वजनिक किए हैं।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश:
-
परीक्षा केंद्र पर कम से कम 2 घंटे पहले पहुंचें ताकि frisking और पहचान सत्यापन समय पर पूरा हो सके।
-
सुबह 9:45 बजे के बाद किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
-
हल्के रंग के आधी बाँह के कपड़े पहनें।
-
फुटवियर में केवल चप्पल की अनुमति है।
-
मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित है।
-
परीक्षा शुरू होने के बाद और अंतिम आधा घंटे से पहले परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है।
-
संचार व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, रुमाल आदि परीक्षा कक्ष में ले जाना सख्त मना है।

