आज दो ध्यानाकर्षण और तीन याचिका किए जाएंगे प्रस्तुत, विधानसभा परिसर में उत्कृष्टता अलंकरण समारोह का होगा आयोजन
रायपुर: प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र का तीसरा दिन आज प्रमुख गतिविधियों और सवाल-जवाब के बीच शुरू होगा। तीसरे दिन भी सदन में हंगामे की संभावना बनी हुई है। प्रश्नकाल के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री श्याम बिहारी विधानसभा सदस्यों के प्रश्नों का जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सत्र की कार्यवाही 11:30 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री साय, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल महत्वपूर्ण पत्र सदन में प्रस्तुत करेंगे।
आज दो ध्यानाकर्षण और तीन याचिका किया जाएगा प्रस्तुत:
आज विधानसभा में दो ध्यानाकर्षण प्रस्तुत किए जाएंगे, जिन्हें विधायक इंद्र साव, द्वारकाधीश यादव और चातुरी नंद ने उठाया है। विशेष रूप से कृषि यंत्रों और उपकरणों के वितरण से जुड़ा मुद्दा सदन की चर्चा का केंद्र रहेगा। इसके अलावा विधायक अनुज शर्मा खदानों के आसपास परिवहन से होने वाले प्रदूषण को लेकर गंभीर चिंता जताएंगे। सदन में तीन याचिकाओं को भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिनमें कुंवर निषाद, अजय चंद्राकर और रोहित साहू भागीदार होंगे।
उत्कृष्टता अलंकरण समारोह का आयोजन :
शाम 6 बजे विधानसभा परिसर में उत्कृष्टता अलंकरण समारोह का आयोजन होगा, जिसमें ‘‘उत्कृष्ट विधायक’’, ‘‘उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार’’ और ‘‘उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर’’ को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।
