दिल्ली ब्लास्ट में पुलवामा कनेक्शन! मास्टरमाइंड डॉक्टर उमर की मौत, अब तक 12 की जान गई – जांच में कई बड़े खुलासे
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार (10 नवंबर) को हुए कार ब्लास्ट में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि इस विस्फोट का मास्टरमाइंड डॉक्टर उमर था, जो अब मारा जा चुका है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उमर की मां का डीएनए सैंपल लिया है ताकि विस्फोट स्थल से मिले अवशेषों की पहचान की जा सके।
राजधानी में हाई अलर्ट, कई जगहों पर छापेमारी
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। राजधानी और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। जांच एजेंसियों ने UAPA के तहत केस दर्ज करते हुए दिल्ली में कई जगहों पर छापेमारी की है।
शुरुआती जांच में सामने आया ‘पुलवामा कनेक्शन’
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह आत्मघाती आतंकी हमला था। शुरुआती जांच में पता चला है कि ब्लास्ट में इस्तेमाल हुई हुंडई i20 कार का संबंध पुलवामा से जुड़ा हुआ है।
दरअसल, यह कार कई बार खरीदी और बेची गई थी। कार के मूल मालिक सलमान ने पुलिस को बताया कि उसने यह कार ओखला के देवेंद्र को बेची थी, जिसके बाद इसे अंबाला के रास्ते पुलवामा के तारिक ने खरीदा। जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर कार की बिक्री की गई थी।
मास्टरमाइंड डॉक्टर उमर का जैश-ए-मोहम्मद से लिंक
पुलिस के मुताबिक, कार का अंतिम मालिक तारिक था, जिसने इसे डॉक्टर उमर मोहम्मद को दी। उमर का संबंध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से बताया जा रहा है। हाल ही में इस मॉड्यूल से जुड़े 7 आतंकियों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनके पास से 2,900 किलो विस्फोटक बरामद किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, उमर अपने साथियों की गिरफ्तारी से घबरा गया था और इसी कारण उसने लाल किले के पास ब्लास्ट को अंजाम दिया। पुलिस को शक है कि ब्लास्ट के वक्त हुंडई i20 कार वही चला रहा था।
धमाके की पूरी घटना
सोमवार शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी हुंडई i20 कार में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि आस-पास के वाहनों और दुकानों के शीशे टूट गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और एनएसजी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक जांच शुरू की। इस घटना के बाद न केवल दिल्ली बल्कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
