नेपाल जल रहा है… प्रदर्शनकारियों ने पूर्व PM की पत्नी को जिंदा जलाया, मौत
काठमांडू। नेपाल में हालात पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो गए हैं। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार को हिंसक प्रदर्शन और उग्र विरोध के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्हें तुरंत सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, हालांकि उनका वर्तमान ठिकाना अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
इसी बीच राजधानी काठमांडू और आसपास के इलाकों में हिंसक प्रदर्शन और आगजनी का क्रम जारी है। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन, राष्ट्रपति भवन और कई मंत्रियों के निजी आवासों पर हमला किया। हिंसा के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री झालनाथ खनाल की पत्नी राज्यलक्ष्मी चित्रकार को उनके घर में जिंदा जलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उन्हें तुरंत नेपाल के कीर्तिपुर बर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया, परन्तु इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
राजधानी और आसपास के इलाके तनावपूर्ण
काठमांडू की सड़कों पर सुरक्षा बल प्रदर्शनकारियों को काबू में करने में असफल दिख रहे हैं। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है और 400 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन पर कब्जा कर लिया और वहां से कुर्सी-टेबल सहित सरकारी संपत्ति लूट कर ले गए।
प्रधानमंत्री के इस्तीफे के बाद, प्रदर्शनकारी संसद भवन, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के निवास सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी और निजी परिसरों में आगजनी और तोड़-फोड़ कर रहे हैं। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी विदेश मंत्री आरजू राणा को उनके घर में घुसकर पीटा। वहीं, वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को उनके घर के पास दौड़ा-दौड़ाकर मारा गया |
प्रमुख सरकारी और राजनीतिक स्थानों पर हमले
संसद भवन – प्रदर्शनकारियों ने इसे आग के हवाले कर दिया।
प्रधानमंत्री का निजी आवास – पीएम ओली के घर में आग लगी, जिससे धुएं का गुबार उठता दिखा।
राष्ट्रपति भवन (शीतल भवन) – प्रदर्शनकारियों ने आग लगाई।
गृहमंत्री का निजी आवास – तोड़-फोड़ और आगजनी की गई।
पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी – घर में घुसकर पीटा गया।
वित्त मंत्री विष्णु पौडेल – दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।
नेपाली कांग्रेस का पार्टी कार्यालय – आगजनी की घटना हुई।
संसद भवन में लूटपाट – कुर्सी-टेबल और अन्य सामग्री लूटी गई।
सेना और सरकार की प्रतिक्रिया
नेपाल की सेना ने हिंसक प्रदर्शन के बीच जनता से संयम बरतने की अपील की। आधिकारिक बयान में सेना ने कहा कि राष्ट्रीय, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संपत्तियों की सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने अभी अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है और प्रदर्शनकारियों को बातचीत के लिए बुलाया है। इससे पहले मीडिया में उनके इस्तीफे की अफवाहें फैल गई थीं, जो सही नहीं थी।
नक्खू जेल से कैदियों की रिहाई
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबि लामिछाने की रिहाई के बाद ललितपुर के नक्खू जेल से लगभग 1,500 कैदी फरार हो गए। जेल प्रशासन ने सुरक्षा सुनिश्चित न कर पाने का हवाला देते हुए कैदियों को बाहर निकलने की अनुमति देने जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी। इससे इलाके में सुरक्षा खतरे की आशंका बढ़ गई है।
एयरपोर्ट और आवागमन प्रभावित
त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट (TIA) पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एयरपोर्ट जनरल मैनेजर हंसा राज पांडे ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगी। घरेलू एयरलाइंस बुद्धा एयर ने भी सुरक्षा कारणों से सभी उड़ानें स्थगित कर दी हैं।
आंदोलनकारी और नए नेतृत्व की मांग
नेपाल में प्रदर्शनकारी और युवाओं की Gen-Z पीढ़ी ने सार्वजनिक अपील जारी की है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की अपील की है। Gen-Z आंदोलनकारी सोशल मीडिया के जरिए काठमांडू के मेयर बालेन शाह को नया प्रधानमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। बालेन शाह इस समय काठमांडू के मेयर हैं जोकि युवाओं में बेहद लोकप्रिय हैं।
भारतीय सरकार की चेतावनी
भारत सरकार ने अपने नागरिकों को नेपाल न जाने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अभी नेपाल में हालात सामान्य नहीं हुए हैं, इसलिए भारतीय नागरिकों को अपने ठिकानों पर ही रहने और सड़कों पर न निकलने की चेतावनी दी गई है। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिक दूतावास की सलाह और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। काठमांडू में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है : +977-9808602881 / +977-9810326134
अंतरिम सरकार और बातचीत
अंतरिम सरकार के गठन को लेकर रबि लामिछाने और मेयर बालेन शाह के बीच बातचीत शुरू हो गई है। दोनों पक्ष देश की स्थिरता और नए नेतृत्व की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।
