प्रॉपर्टी रजिस्ट्री होगी आसान, रायपुर समेत धरसींवा-बिरगांव में खुलेंगे 5 नए रजिस्ट्री कार्यालय

रायपुर जिले को मिलेंगे 5 नए रजिस्ट्री कार्यालय

रायपुर जिले को मिलेंगे 5 नए रजिस्ट्री कार्यालय

राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही प्रॉपर्टी रजिस्ट्रियों के चलते कलेक्टोरेट स्थित पंजीयन कार्यालय पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों को राहत देने के लिए 5 नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। बजट में स्वीकृति मिलने के बाद अब इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

रायपुर शहर में 3, धरसींवा और बिरगांव में 1-1 कार्यालय

प्रस्ताव के अनुसार रायपुर नगर निगम क्षेत्र में तीन नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय खोले जाएंगे, जबकि धरसींवा और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में एक-एक रजिस्ट्री दफ्तर स्थापित किया जाएगा। इससे जिले के अलग-अलग हिस्सों में रजिस्ट्री सुविधा का विकेंद्रीकरण होगा।

धरसींवा और बिरगांव के लोगों को मिलेगी सीधी सुविधा

अब तक धरसींवा और बिरगांव के निवासियों को रजिस्ट्री कराने के लिए रायपुर शहर पहुंचना पड़ता था। दूरी अधिक होने के कारण लोगों को समय से पहले निकलना पड़ता था और कार्यालय में घंटों इंतजार करना मजबूरी थी। नए कार्यालय खुलने से स्थानीय स्तर पर ही रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी हो सकेगी, जिससे लोगों का समय और श्रम दोनों बचेगा।

कमल विहार, सड्डू और टाटीबंध चुने गए स्थान

रायपुर शहर में नए रजिस्ट्री कार्यालयों के लिए कमल विहार, सड्डू और टाटीबंध क्षेत्रों का चयन किया गया है। ये इलाके कलेक्टोरेट कार्यालय से कुछ दूरी पर स्थित हैं और यहां से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी आसानी से लाभ मिलेगा।पंजीयन विभाग के अधिकारियों के अनुसार नए कार्यालयों के लिए शासकीय भवनों की तलाश जारी है। यदि किसी क्षेत्र में उपयुक्त सरकारी भवन उपलब्ध नहीं होता है, तो वहां किराए के भवन में रजिस्ट्री कार्यालय संचालित किया जाएगा।

भवन खोजने की प्रक्रिया शुरू

जिला पंजीयक विनोज कोचे ने बताया कि जिले में 5 नए रजिस्ट्री कार्यालय खोलने का प्रस्ताव है। इसके लिए विभाग द्वारा भवनों की पहचान का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही इन कार्यालयों के संचालन की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read more : शराब बिक्री लक्ष्य फेल: सुपरवाइजर और सेल्समैन से की जा रही 80 लाख के जुर्माने की वसूली, कर्मचारियों में आक्रोश…

Youthwings