न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर पुलिस अलर्ट: हुड़दंग और ड्रंक एंड ड्राइव पर खास नजर, 500 से ज्यादा जवान रहेंगे तैनात
न्यू ईयर सेलिब्रेशन
नए साल और नए साल की पूर्व संध्या को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नशे की हालत में वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस भी अपने स्तर पर व्यापक तैयारियों में जुट गई है।
एडवाइजरी जल्द होगी जारी
नए साल के जश्न को लेकर पुलिस द्वारा शनिवार या रविवार तक एडवाइजरी जारी की जाएगी, जिसमें आम जनता के लिए दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। पुलिस का फोकस शांति व्यवस्था और दुर्घटनाओं को रोकने पर रहेगा।
होटल, क्लब और फार्म हाउस पर रहेगी विशेष नजर
31 दिसंबर और 1 जनवरी को होटल, क्लब और फार्म हाउस में होने वाले कार्यक्रमों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। शराब परोसने के लिए आयोजकों ने आबकारी विभाग से अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पिछले वर्ष करीब 70 होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने शराब परोसने की अनुमति मांगी थी, जिनमें लगभग 20 फार्म हाउस और रेस्टोरेंट शामिल थे। इस वर्ष आवेदन की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
आउटर और सार्वजनिक स्थानों पर कार्रवाई
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति शराब परोसने वाले होटल और रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके साथ ही शहर के आउटर एरिया और अंदरूनी हिस्सों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फार्म हाउस और निजी क्लबों में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात
नववर्ष की पूर्व संध्या पर अपराध और अव्यवस्था रोकने के लिए 500 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर वाहन जब्त किया जाएगा पुलिस से बदसलूकी करने पर बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई होगी तेज रफ्तार, हूटर और स्टंट करने वालों पर भी सख्त एक्शन लिया जाएगा
सीसीटीवी और कैमरों से निगरानी
बड़े होटल, रेस्टोरेंट, प्रमुख चौराहों और आयोजनों वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार ही आतिशबाजी की अनुमति रहेगी।
इन स्थानों पर होगी ट्रैफिक चेकिंग
ड्रंक एंड ड्राइव और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस नवा रायपुर सहित शहर के सभी प्रमुख एंट्री पाइंट्स पर बैरिकेडिंग कर जांच करेगी। इनमें शामिल हैं— तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, टाटीबंध, भनपुरी चौक, विधानसभा चौक, अमलेश्वर, राम मंदिर के सामने, फुंडहर चौक, अनुपम नगर, एसआरपी चौक, जयस्तंभ चौक, शास्त्री चौक, रेलवे स्टेशन, मोवा, खमतराई, लाखे नगर, डीडीनगर गोल चौक और गुढ़ियारी भारतमाता चौक।
