IndiGo का बड़ा ऐलान: रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को 10 हजार रुपये का ट्रैवल वाउचर

IndiGo: इंडिगो एयरलाइंस ने 3, 4 और 5 दिसंबर 2025 को रद्द हुई उड़ानों से बुरी तरह प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ा ऐलान किया है। एयरलाइन इन यात्रियों को 10,000 रुपये मूल्य का ट्रैवल वाउचर देगी। यह वाउचर सरकारी नियमों के तहत मिलने वाले मुआवजे (5,000 से 10,000 रुपये तक) से अलग और अतिरिक्त होगा।

 

यह फैसला एयरलाइन द्वारा परिचालन संबंधी गड़बड़ियों के कारण हुई भारी असुविधा को देखते हुए लिया गया है। DGCA के नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों के लागू होने से पायलटों और क्रू में कमी आई, जिसके चलते हजारों उड़ानें रद्द हो गईं। इससे देशभर के एयरपोर्टों पर अफरातफरी मच गई और लाखों यात्री प्रभावित हुए। इंडिगो को अपनी विंटर शेड्यूल में 10% कटौती करनी पड़ी और DGCA ने शो-कॉज नोटिस जारी कर जांच शुरू की।

 

वाउचर की वैधता और उपयोग

 

यह ट्रैवल वाउचर जारी होने की तारीख से अगले 12 महीने (1 साल) तक वैलिड रहेगा।

 

वाउचर बेस फेयर पर लागू होगा और अगले एक साल में किसी भी इंडिगो फ्लाइट बुकिंग के समय इस्तेमाल किया जा सकेगा।

 

वाउचर रिलीज होते ही यात्री के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक कोड आएगा।

 

इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट www.goindigo.in या मोबाइल ऐप पर बुकिंग के पेमेंट पेज पर ‘वाउचर’ टैब में कोड डालकर क्लेम और उपयोग कर सकते हैं।

 

वाउचर नहीं मिला तो क्या करें?

यदि वाउचर प्राप्त नहीं हुआ है, तो यात्री customer.experience@goindigo.in पर ईमेल कर सकते हैं। ईमेल में अपना PNR, नाम, संपर्क विवरण और अन्य जरूरी जानकारी दें। थर्ड-पार्टी बुकिंग (जैसे MakeMyTrip) से बुकिंग करने वालों को भी इंडिगो से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

 

यह वाउचर विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए है, जो घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे या जिनकी यात्रा योजनाएं कई बार बदलनी पड़ीं। इंडिगो ने माफी मांगते हुए कहा है कि यह अतिरिक्त सहायता प्रभावित यात्रियों की परेशानी को कम करने के लिए है।

Youthwings