पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का किया शुभारंभ: 14,260 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नवा रायपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। मंच पर पहुंचते ही पूरा माहौल ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंज उठा। पीएम मोदी ने मंच के मध्य पहुंचकर जनता को हाथ जोड़कर नमस्कार किया और फिर आगे आकर हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कई वरिष्ठ मंत्री, नेता व अधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा — जहां तक नजर गई, वहां तक लोगों की भीड़ दिखाई दी।
पीएम मोदी ने हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबियां
स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपीं। उन्होंने धमतरी की सोनिया नामक हितग्राही से बातचीत की और उनकी प्रतिक्रिया जानी।
नवा रायपुर बनेगा प्रदेश की पहली ‘सोलर सिटी’
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि नवा रायपुर को प्रदेश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में जाएं, उन्हें ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधि अवश्य मिलते हैं, जो उन्हें आत्मीयता और शक्ति का अनुभव कराते हैं। “मैं शक्ति का पुजारी हूं, और यह अनुभव मेरे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है,” — पीएम मोदी
सत्य साईं अस्पताल में बच्चों से मुलाकात
रायपुर पहुंचने के बाद पीएम मोदी पहले सत्य साईं हॉस्पिटल गए, जहां उन्होंने “दिल की बात” कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब 2,500 बच्चों से मुलाकात की। राज्यपाल रमेन डेका, पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर, और सत्य साईं हॉस्पिटल के डायरेक्टर सी. श्रीनिवास भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यक्रम में हुए शामिल
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्रह्माकुमारी संस्थान के विशेष कार्यक्रम में पहुंचे और वहां आयोजित “शांति शिखर रिट्रीट सेंटर” का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह स्थान आध्यात्मिकता और सकारात्मकता का केंद्र बनेगा।
विधानसभा भवन और जनजातीय संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन
दोपहर में प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के मौके पर नए विधानसभा भवन का लोकार्पण किया और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही, उन्होंने आदिवासी डिजिटल संग्रहालय का भी शुभारंभ किया, जो राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपरा को नई पहचान देगा।
तीजन बाई और विनोद शुक्ल से की बातचीत
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पद्म विभूषण तीजन बाई के परिवार से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने पद्म भूषण विनोद कुमार शुक्ल, प्रसिद्ध साहित्यकार, से भी फोन पर बात की और उनके कुशलक्षेम के बारे में जानकारी प्राप्त की।
