मन की बात 130वां एपिसोड: पीएम मोदी ने मतदाता दिवस, स्टार्टअप, गणतंत्र दिवस और पर्यावरण संरक्षण पर रखी बात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 25 जनवरी को साल 2026 की पहली ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देश को संबोधित किया। यह कार्यक्रम का 130वां एपिसोड था। पीएम मोदी ने इस दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस, गणतंत्र दिवस, स्टार्टअप इकोसिस्टम, सोशल मीडिया ट्रेंड, और पर्यावरण संरक्षण जैसे अहम विषयों पर अपनी बात रखी।
मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा होता है। उन्होंने सुझाव दिया कि जब कोई युवा पहली बार वोटर बने, तो पूरे मोहल्ले, गांव या शहर को उसका स्वागत करना चाहिए और मिठाइयां बांटनी चाहिए, ताकि मतदान को लेकर जागरूकता बढ़े।
पीएम मोदी ने युवाओं से अपील की कि 18 साल की उम्र पूरी होते ही वोटर के रूप में पंजीकरण जरूर कराएं।
सोशल मीडिया ट्रेंड और स्टार्टअप पर चर्चा
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे 2016 की तस्वीरें शेयर करने के ट्रेंड का जिक्र किया। साथ ही अपनी सरकार की उपलब्धियों पर बात करते हुए कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्टार्टअप्स सामने आए हैं, जिनकी 10 साल पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। पीएम ने स्टार्टअप से जुड़े युवाओं को सैल्यूट करते हुए कहा कि हमारा मंत्र होना चाहिए “क्वालिटी, क्वालिटी और क्वालिटी”, ताकि इंडियन प्रोडक्ट का मतलब ही गुणवत्ता बन जाए।
तमसा नदी और पर्यावरण संरक्षण की सराहना
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से होकर गुजरने वाली तमसा नदी का जिक्र करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों ने मिलकर इस नदी को नया जीवन दिया है। नदी की सफाई, किनारों पर पेड़ लगाने और सामूहिक प्रयासों से इसका पुनरुद्धार संभव हुआ।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमेशा बड़े अभियानों से ही नहीं, बल्कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी संभव है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख
पीएम मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहे लोगों की सराहना की। उन्होंने बेनॉय दास और मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के जगदीश प्रसाद अहिरवार के प्रयासों का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत देशभर में अब तक 200 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं, जो लोगों में बढ़ती पर्यावरणीय जागरूकता को दर्शाता है।
