संसद भवन की सुरक्षा में बड़ी चूक, दीवार फांदकर घुसा संदिग्ध युवक, सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

संसद भवन

संसद भवन

नई दिल्ली : नई संसद भवन की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार, 22 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे एक अज्ञात युवक ने संसद परिसर में घुसने की कोशिश की। आरोपी रेल भवन की ओर से पेड़ का सहारा लेकर दीवार फांदते हुए संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया, लेकिन गेट पर तैनात CISF जवानों ने तुरंत अलर्ट होकर उसे हिरासत में ले लिया।

जांच में जुटी दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां

पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में उसके पास से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, उसकी मंशा क्या थी, यह जानने के लिए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां गहन जांच में जुटी हैं। घटना के बाद से संसद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी चूक

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब संसद भवन की सुरक्षा में सेंध लगी हो। 13 दिसंबर 2023 को भी संसद में बड़ा सुरक्षा उल्लंघन हुआ था, जब दो युवकों ने लोकसभा की दर्शक दीर्घा से छलांग लगाकर धुआं छोड़ने वाला कैन छोड़ा था। इसके बाद संसद की सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस और CRPF से हटाकर CISF को सौंपी गई थी।

सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

लगातार हो रही सुरक्षा चूकें यह दर्शाती हैं कि संसद जैसी अति संवेदनशील इमारत की सुरक्षा को लेकर अब भी खामियां मौजूद हैं। हालांकि, CISF की तत्परता से शुक्रवार की घटना में बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह साफ है कि सुरक्षा व्यवस्था की फिर से समीक्षा और सुधार की सख्त ज़रूरत है।

Youthwings