छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग पर NSUI का प्रदर्शन, सरकार को दी चेतावनी
रायपुर। रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI ने सोमवार को बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के नेतृत्व में 250 से अधिक महाविद्यालयों में ज्ञापन सौंपे गए।
NSUI का कहना है कि राज्य में वर्ष 2016 से छात्रसंघ चुनाव बंद हैं, जिससे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों को अपनी समस्याएं उठाने और प्रतिनिधित्व करने का उचित मंच नहीं मिल पा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव की बहाली छात्रों के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द चुनाव बहाल किए जाएं, ताकि छात्र अपने प्रतिनिधियों का चयन कर सकें।
NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि 6 तारीख तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है, तो संगठन प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों का घेराव करेगा। इस मुद्दे को लेकर छात्रों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है।
