Naxal Paparao Killed: एनकाउंटर में ढेर हुआ खूंखार नक्सली पापाराव, तेलंगाना बीजेपी का दावा
Naxal Paparao Killed: छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में सक्रिय खूंखार नक्सली कमांडर पापाराव उर्फ मोंगू के एनकाउंटर में मारे जाने का दावा तेलंगाना बीजेपी ने किया है। तेलंगाना बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सुरक्षाबलों ने देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने वाले नक्सली कमांडर को ढेर कर दिया है।
हालांकि, छत्तीसगढ़ पुलिस या सुरक्षाबलों की ओर से अभी तक पापाराव की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
सूत्रों के अनुसार, 17 जनवरी को सुरक्षाबलों को पापाराव की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी, जिसके बाद उसे टारगेट कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। दावा किया जा रहा है कि जवानों का मुख्य लक्ष्य पापाराव ही था।
बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में शनिवार से चल रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई बार मुठभेड़ हुई। इस दौरान अब तक 6 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 4 महिला नक्सली कैडर शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से दो AK-47, एक INSAS राइफल, दो .303 राइफल, एक कार्बाइन समेत कुल 6 घातक हथियार बरामद किए हैं।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है और मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र में सतर्कता के साथ ऑपरेशन को आगे बढ़ा रहे हैं।
