महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर नक्सल मुठभेड़, चार नक्सली मारे गए
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बुधवार को भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में तीन महिला और एक पुरुष नक्सली मारे गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि गट्टा दलम की कंपनी नंबर 10 और गढ़चिरौली डिवीजन से जुड़े माओवादी संगठन कोपरशी के जंगलों में सक्रिय हैं। इसी सूचना के आधार पर इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
मुठभेड़ को अंजाम देने के लिए गढ़चिरौली पुलिस की विशेष एंटी नक्सल कमांडो यूनिट C-60 की 19 टुकड़ियों के साथ-साथ सीआरपीएफ की क्विक एक्शन टीम की दो यूनिट को भी ऑपरेशन में लगाया गया।
सुरक्षाबलों ने बुधवार सुबह जंगल में पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से करीब आठ घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी चलती रही।
