Morning News: नारायणपुर दौरे पर CM साय, महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त होगी जारी… पढ़ें और भी खबरें
Chhattisgarh Morning News
Morning News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज से दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में 361 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री का विशेष फोकस अबूझमाड़ सहित दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में विकास योजनाओं के विस्तार पर रहेगा। दौरे के दौरान वे पद्मश्री हेमचंद मांझी और पंडीराम मंडावी से मुलाकात करेंगे तथा गढ़बेंगाल घोटूल पहुंचकर आदिवासी संस्कृति को सम्मान देंगे।
मुख्यमंत्री पीडीएस दुकान का निरीक्षण, स्कूल में बच्चों से संवाद और महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से मुलाकात भी करेंगे। इसके अलावा शांत सरोवर में बोटिंग और कायाकिंग की शुरुआत करेंगे।
महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। एक क्लिक के जरिए 641 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। अब तक इस योजना के तहत 15,595 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। योजना से 70 लाख से ज्यादा महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं, जिनमें नक्सल प्रभावित जिलों की 7,763 महिलाएं शामिल हैं। नियद नेल्ला नार योजना से जुड़ी महिलाओं को भी 77 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन
शहीद दिवस के अवसर पर आज सुबह 11 बजे देशभर में दो मिनट का मौन रखा जाएगा। सुबह 10:59 से 11:00 बजे तक सायरन बजेगा और 11:02 से 11:03 बजे तक पुनः सायरन बजाया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि सायरन सुनते ही जहां हैं वहीं खड़े होकर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि दें।
धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस आज प्रदर्शन करेगी। पार्टी का आरोप है कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
आज मांस-मटन की बिक्री पर रोक
महात्मा गांधी निर्वाण दिवस के अवसर पर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में आज मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देश पर सभी पशुवध गृह और मांस विक्रय की दुकानें बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम:
- महात्मा गांधी पुण्यतिथि कार्यक्रम – छत्तीसगढ़ संघर्ष परिषद, शुक्ल भवन (सुबह 10:30 बजे)
- कला प्रदर्शनी – महाकोशल आर्ट गैलरी (सुबह 11 बजे)
- श्री अय्यप्पा मंदिर उत्सव – टाटीबंध (प्रातः 5 बजे से)
