Janjgir Champa Farmer Suicide Attempt News: “धान नहीं बिका इसलिए दे रहा हूँ जान” किसान के सुसाइड प्रयास से मचा हड़कंप, वीडियो वायरल होते ही सियासत तेज
Janjgir Champa Farmer Suicide Attempt News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा ज़िले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक किसान ने ज़हर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। किसान ने इस दौरान एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन और राजनीति के गलियारों में हलचल मचा गया। फिलहाल किसान को गंभीर हालत में बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
वीडियो वायरल होते ही गरमाई राजनीति
जानकारी के अनुसार मामला अकलतरा विकासखंड के सांकर गांव का है। किसान अनुराग सिंह चंदेल ने आत्महत्या की कोशिश से पहले वीडियो बनाकर कहा कि उसकी धान खरीदी नहीं हुई और वह प्रशासनिक परेशानियों से तंग आ चुका है। वीडियो सामने आते ही कांग्रेस ने इसे सोशल मीडिया पर साझा कर राज्य सरकार की धान खरीदी व्यवस्था और नीतियों पर सवाल खड़े कर दिए।
प्रशासन का दावा: धान खरीदी नहीं, टोकन बना वजह
प्रशासन का कहना है कि किसान द्वारा आत्महत्या की कोशिश धान खरीदी न होने की वजह से नहीं हुई है। अधिकारियों के मुताबिक किसान का तीन बार टोकन कटा था और वह दो बार धान बेच भी चुका है। टोकन संबंधी प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों के चलते किसान मानसिक दबाव में था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
कांग्रेस का हमला, बीजेपी का पलटवार
कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने इस घटना को सरकार की नाकामी बताते हुए सवाल उठाया कि आखिर कब तक किसान ऐसे हालात झेलते रहेंगे। वहीं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पांडेय ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर माहौल खराब करना गलत है।
इलाज जारी, जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल किसान की हालत स्थिर बताई जा रही है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला प्रशासनिक व्यवस्था, धान खरीदी प्रक्रिया और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के केंद्र में आ गया है।
