BIG NEWS : पखांजूर में 50 नक्सली संग CC मेंबर रामधेर का आत्मसमर्पण

पखांजूर। उत्तर बस्तर में सक्रिय केंद्रीय समिति (सीसी) के सदस्य रामधेर ने अपने 50 नक्सली साथियों के साथ महला कैंप में आत्मसमर्पण किया है। इन सभी नक्सलियों पर कुल मिलाकर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पखांजूर से लगभग 20 किलोमीटर दूर महला कैंप में सुबह से हलचल मची हुई है। बड़े नक्सली नेता सोनू उर्फ भूपति और रुपेश के आत्मसमर्पण के बाद अब रामधेर तीसरे प्रमुख नक्सली नेता हैं, जिन्होंने नक्सली विचारधारा को त्यागकर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला लिया है। रामधेर की संगठन पर मजबूत पकड़ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह अकेले नहीं, बल्कि अपने 50 साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर रहा है।

17 अक्टूबर को 210 नक्सलियों का ऐतिहासिक आत्मसमर्पण
इससे पहले, 17 अक्टूबर 2025 को बस्तर पुलिस लाइन ग्राउंड में 210 नक्सलियों ने सामूहिक आत्मसमर्पण किया था। इस ऐतिहासिक अवसर पर आत्मसमर्पित नक्सलियों का फूलों और संविधान की पुस्तक के साथ स्वागत किया गया था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर नक्सलियों का स्वागत किया था।
इस दौरान वरिष्ठ माओवादी नेताओं, जिनमें केंद्रीय समिति के सदस्य रुपेश उर्फ सतीश, भास्कर उर्फ राजमन मंडावी, रनिता, राजू सलाम, धन्नू वेट्टी उर्फ संतू और क्षेत्रीय समिति के सदस्य रतन एलम शामिल थे, ने आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने सुरक्षा बलों को 153 हथियार सौंपे, जिनमें 19 AK-47, 17 SLR, 23 INSAS, 1 INSAS LMG, 36 .303 राइफलें, 4 कार्बाइन और 11 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर शामिल थे।

रामधेर और उनके साथियों का यह आत्मसमर्पण बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों और स्थानीय समुदाय के सहयोग का परिणाम माना जा रहा है। यह कदम क्षेत्र में हिंसा को कम करने और शांति स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Youthwings