Bihar Election 2025: बिहार चुनाव से पहले लालू परिवार को बड़ा झटका, कोर्ट ने तय किए आरोप
Bihar Election 2025
Bihar Election 2025 से ठीक पहले आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को IRCTC घोटाला मामले में तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के आरोप तय कर दिए हैं। कोर्ट में आज तीनों की पेशी भी हुई।
यह मामला लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान हुए IRCTC होटल घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि दो रेलवे होटलों के मेंटेनेंस का ठेका एक निजी कंपनी को ग़लत तरीके से देने के एवज में लाभ लिया गया।
IRCTC मामले में तय हुए आरोप
सीबीआई की जांच के अनुसार, जब लालू प्रसाद यादव रेलमंत्री थे, तब उन्होंने IRCTC के दो होटल (रांची और पुरी) के रखरखाव का कॉन्ट्रैक्ट एक कंपनी को दिया था। इसके बदले कथित रूप से लालू परिवार को फायदा पहुंचाया गया।
सीबीआई ने इस मामले में धोखाधड़ी (IPC धारा 420), आपराधिक साजिश (धारा 120B) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं।
आज सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कुल 14 आरोपियों पर आरोप तय किए, जिनमें लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव शामिल हैं।
लालू, राबड़ी और तेजस्वी ने अपराध मानने से किया इनकार
कोर्ट ने जब आरोप तय किए, तब लालू यादव से पूछा गया कि क्या वे अपना अपराध स्वीकार करते हैं? इस पर लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने अपराध मानने से इनकार करते हुए कहा कि वे मुकदमे का सामना करेंगे।
राबड़ी देवी ने कोर्ट में कहा कि, “यह केस गलत है और हमारे खिलाफ साजिश के तहत बनाया गया है।”
लैंड फॉर जॉब केस में भी फैसला जल्द
इसी के साथ कोर्ट में आज “लैंड फॉर जॉब” (Land for Job Scam) मामले पर भी सुनवाई हुई। इस केस में भी लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव आरोपी हैं।
सीबीआई का आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव ने रेलवे में नौकरियां देने के बदले लोगों से जमीन ली।
यह जमीन बाद में लालू परिवार या उनकी कंपनियों के नाम ट्रांसफर करवाई गई।
यह घोटाला मुंबई, जयपुर, जबलपुर, कलकत्ता और हाजीपुर सहित कई रेलवे जोनों में नौकरी देने से जुड़ा बताया गया है।
कोर्ट इस मामले में भी आज या जल्द ही आरोप तय करने का आदेश सुना सकती है।
चुनाव से पहले राजनीतिक असर
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद लालू परिवार के खिलाफ आरोप तय होना राजनीतिक रूप से बड़ा झटका माना जा रहा है।
आरजेडी का दावा है कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है, जबकि विपक्ष का कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है।
