स्कूल-कॉलेजों के आसपास मनचलों की शामत… SP ने लॉन्च की महिला शक्ति टीम

बलौदाबाजार। जिले में राह चलती युवतियों और महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने ‘महिला शक्ति टीम’ का गठन किया है। शिकायतों के मद्देनज़र गठित इस टीम को दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे स्कूल-कॉलेज समय पर सड़कों पर पेट्रोलिंग कर सकें, मनचलों पर कार्रवाई करें और यातायात व्यवस्था भी संभालें।

पुलिस के अनुसार, स्कूल और कॉलेज लगने-छुटने के समय तीन सवारी मोटरसाइकिल चलाने और तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। हाल ही में एक सड़क हादसे में एक युवा इंजीनियर की मौत के बाद सख्ती का निर्णय लिया गया। बताया गया कि तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन लोगों की टक्कर से उसकी जान गई थी।

जागरूकता अभियान का समापन

बलौदाबाजार पुलिस ने एक माह तक सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वन मंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील और एसपी भावना गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने चित्रकला, फोटोग्राफी, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया।

“अब आपकी जिम्मेदारी”

एसपी भावना गुप्ता ने कहा कि पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है, अब नागरिकों को भी यातायात नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने अभिभावकों को बिना हेलमेट घर से न निकलने दें। साथ ही नाबालिगों को दोपहिया वाहन की जगह साइकिल चलाने की सलाह दी, जिससे स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा और सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

महिला शक्ति टीम के संबंध में उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। टीम नियमित निगरानी करेगी और छेड़छाड़ व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings