मंडला के सरकारी छात्रावास में शराब पीते अधीक्षक का वीडियो वायरल, छात्रों से गाली-गलौज का आरोप, जांच शुरू
जिले के टाटरी स्थित शासकीय सीनियर बालक छात्रावास के अधीक्षक पर रात में शराब पीकर छात्रों व कर्मचारियों से अभद्रता करने का आरोप, क्षेत्र संयोजक ने जांच के दिए निर्देश
मंडला। मंडला जिले के बिछिया विधानसभा क्षेत्र के टाटरी स्थित शासकीय सीनियर बालक छात्रावास से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। छात्रावास के अधीक्षक पन्नूलाल वट्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे हॉस्टल परिसर के भीतर ही शराब पीते और मुर्गा खाते हुए नजर आ रहे हैं ।
नशे में धुत अधीक्षक ने की गाली-गलौज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अधीक्षक शराब के नशे में धुत होकर हॉस्टल में हंगामा कर रहे थे । आरोप है कि उन्होंने वहां रह रहे मासूम छात्रों और पदस्थ कर्मचारियों के साथ जमकर गाली-गलौज व दुर्व्यवहार किया । छात्रों का यह भी आरोप है कि अधीक्षक ने उन्हें धमकाया भी ।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि इससे पहले भी अधीक्षक पर इस तरह के आरोप लग चुके हैं । परेशान होकर हॉस्टल के छात्रों ने ही चुपके से अधीक्षक की इस करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया ।
विभाग ने जांच के दिए निर्देश
वीडियो सामने आने के बाद आदिम जाति कल्याण विभाग हरकत में आ गया है । जनजातीय कार्य विभाग के क्षेत्र संयोजक विष्णु सिंगोर ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि वायरल वीडियो और छात्रों के आरोपों की जांच कराई जाएगी । उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधीक्षक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
छात्रावास व्यवस्था पर उठे सवाल
शराब, मुर्गा और गाली-गलौज के इस वायरल वीडियो ने शासकीय छात्रावास की पूरी व्यवस्था और सुरक्षा पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं । अब सभी की निगाहें जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं ।
Read more-
शहडोल के सरकारी स्कूल में बच्चों से खुलवाया जा रहा ताला, हाथों में किताब नहीं झाड़ू
