महतारी एक्सप्रेस के नाम पर शराब तस्करी, 138 लीटर देशी शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव: जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नकली महतारी एक्सप्रेस एम्बुलेंस की आड़ में की जा रही अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पैरीटोला गांव में की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने वाहन से 16 पेटी महाराष्ट्र निर्मित देशी शराब (कुल 138.240 लीटर) जब्त की है। इस मामले में एक स्थानीय आरोपी इन्द्र कुमार उर्फ राहुल साहू को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 6.53 लाख रुपये आंकी गई है।

एम्बुलेंस की आड़ में चल रही थी तस्करी

छुरिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब तस्करी के लिए एम्बुलेंस जैसे वाहन का उपयोग किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम पैरीटोला में विशेष नाकाबंदी की। इस दौरान एक बोलेरो वाहन (सीजी 07 बीएफ 0760), जिस पर महतारी एक्सप्रेस एम्बुलेंस लिखा था, को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी 16 पेटियां संतरी देशी शराब बरामद की गईं, जिनमें प्रत्येक पेटी में 9 लीटर शराब थी।

कोई वैध दस्तावेज नहीं, आरोपी गिरफ्तार

शराब के परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच में साफ हुआ कि यह शराब अवैध रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर बिक्री के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। आरोपी राहुल साहू को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया और आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग, पुलिस सख्त

एम्बुलेंस जैसे आपातकालीन सेवा वाले वाहन का उपयोग अवैध गतिविधियों के लिए किया जाना बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला है। ऐसे वाहनों पर सामान्यतः कोई संदेह नहीं किया जाता, इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने शराब की तस्करी की कोशिश की।

एसपी बोले – नेटवर्क की हो रही जांच

राजनांदगांव के एसपी ओपी कुंजाम ने जानकारी दी कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, शराब कहां से लाई गई और कहां सप्लाई की जानी थी।

Youthwings