Khelo India Tribal Games 2026: मैरी कॉम और बाइचुंग भूटिया की मौजूदगी में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का शानदार समापन
Khelo India Tribal Games 2026
Khelo India Tribal Games 2026: रायपुर के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य समापन समारोह शानदार अंदाज में संपन्न हुआ। इस मौके पर देश के दिग्गज खिलाड़ी Mary Kom और Bhaichung Bhutia मंच पर मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
ट्राइबल टैलेंट को मिला बड़ा मंच
फुटबॉलर Bhaichung Bhutia ने अपने संबोधन में कहा कि ट्राइबल समुदाय में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि नॉर्थ-ईस्ट से कई खिलाड़ियों ने मेडल जीतकर अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने जोर दिया कि ट्राइबल युवाओं को सही प्लेटफॉर्म मिलना बेहद जरूरी है और ‘खेलो इंडिया’ इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ट्राइबल खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मैरी कॉम ने की पहल की सराहना
Khelo India Tribal Games 2026: बॉक्सर Mary Kom ने छत्तीसगढ़ सरकार की सराहना करते हुए कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पहले ट्राइबल खिलाड़ियों को न तो पर्याप्त मंच मिलता था और न ही जानकारी, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘खेलो इंडिया’ अभियान की तारीफ करते हुए कहा कि आज बच्चे बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
फुटबॉल फाइनल में छत्तीसगढ़ को रजत पदक
पुरुष फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। कड़ी टक्कर के बावजूद छत्तीसगढ़ की टीम जीत हासिल नहीं कर सकी और उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
अब्दुल फताह ने रचा इतिहास
Khelo India Tribal Games 2026: लक्षद्वीप के अमीनी द्वीप से आए 18 वर्षीय एथलीट अब्दुल फताह ने अपने संघर्ष और मेहनत से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने लॉन्ग जंप में 7.03 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता और लक्षद्वीप को पहला मेडल दिलाया। यह उपलब्धि राज्य के लिए ऐतिहासिक रही।
मलखंभ में छत्तीसगढ़ का दबदबा कायम
मलखंभ प्रतियोगिता में भी छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष टीम के बाद महिला टीम ने भी गोल्ड मेडल जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। महिला वर्ग में छत्तीसगढ़ ने 80.15 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। महाराष्ट्र दूसरे और झारखंड तीसरे स्थान पर रहा। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 ने देशभर के ट्राइबल खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच दिया, जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
