कवर्धा में आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामला: 36 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। जिले में आदिवासी युवती के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया था। पुलिस ने इस गंभीर मामले में 36 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को ₹10,000 का इनाम देने की भी घोषणा की थी।

घटना का पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 24 सितंबर की रात की है। पीड़िता अपने परिचित के घर ठहरी हुई थी। रात लगभग दो बजे किसी विवाद के बाद वह घर से बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इस दौरान बाइक सवार तीन युवक उसे बहला-फुसलाकर सुनसान इलाके (अटल आवास के पीछे) ले गए और सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया। आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी और बस स्टैंड के पास छोड़ दिया।

पीड़िता का साहस और पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवाई ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद करने वाले को ₹10,000 का नगद इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने छापेमारी की और दर्जनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पीड़िता से पहचान कराई।

BREAKING : आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, निकले आदतन अपराधी…

आदिवासी समाज का आक्रोश और कांग्रेस की जांच समिति
घटना के बाद आदिवासी समाज सड़कों पर उतर आया और कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया के नेतृत्व में सात सदस्यीय जांच समिति गठित की। समिति में स्थानीय विधायक, पूर्व विधायक और जिले के कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हैं। समिति पीड़िता और उसके परिवार से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी इकट्ठा करेगी और रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को सौंपेगी।

आरोपी और गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कवर्धा के ही रहने वाले और आदतन अपराधी हैं। पुलिस ने लगातार जांच और तलाशी अभियान के बाद तीनों आरोपियों को अटल आवास से धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवाई आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की विस्तृत जानकारी देंगे।

 

Youthwings