Kawardha Bus Stand Violence: बस स्टैंड में दिनदहाड़े गुंडागर्दी, गृह मंत्री के गृहग्राम से लाठी-डंडों से हमले का वीडियो वायरल
Kawardha Bus Stand Violence: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम (कवर्धा) स्थित बस स्टैंड में दिनदहाड़े हुई गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो पक्ष डंडों और लोहे की रॉड के साथ एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कवर्धा बस स्टैंड की है, जहां सुदर्शन चन्द्रवंशी बस स्टैंड गए हुए थे। इसी दौरान कुछ नशेड़ियों ने उनकी जेब में रखे पैसे छिनने की कोशिश की। जब सुदर्शन ने इसका विरोध किया और अपने साथियों को इसकी जानकारी दी, तो नशेड़ियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से चार लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सुदर्शन चन्द्रवंशी के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि राजेंद्र चन्द्रवंशी के सिर पर चोट लगी है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने सिटी कोतवाली में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।
