Kapil Sharma Cafe Attack: सलमान संग नजदीकी बनी खतरा! कपिल शर्मा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की जानलेवा धमकी, कैफे पर दो बार हुई फायरिंग
Kapil Sharma Cafe Attack
Kapil Sharma Cafe Attack: कॉमेडियन कपिल शर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कनाडा स्थित उनके रेस्टोरेंट “कैप्स कैफे” पर दो बार फायरिंग के बाद अब सामने आया है कि यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग की साजिश थी। वजह? कपिल शर्मा की सलमान खान से नजदीकी। गैंग के एक शूटर हैरी बॉक्सर का ऑडियो सामने आया है, जिसमें धमकी दी गई है कि “जो सलमान के साथ काम करेगा, वो मरेगा।”
कपिल शर्मा के शो में सलमान की मौजूदगी से गैंग नाराज़
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपिल ने अपने शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के दूसरे सीजन के पहले एपिसोड में सलमान खान को बतौर गेस्ट बुलाया था। बिश्नोई गैंग को यह बात नागवार गुज़री और उन्होंने इसका बदला कपिल के रेस्टोरेंट पर फायरिंग कर लिया। हैरी बॉक्सर ने अपने ऑडियो में कहा – “जो सलमान खान के साथ दिखेगा, वो खुद अपनी मौत को बुलाएगा।”
बॉलीवुड को दी गई सीधी धमकी
हैरी बॉक्सर ने सिर्फ कपिल नहीं, बल्कि पूरे फिल्म इंडस्ट्री को खुलेआम धमकी दी है। उसने कहा – “अब अगली बार जो भी डायरेक्टर, प्रोड्यूसर या कलाकार सलमान के साथ काम करेगा, उसे सीधे गोली मारी जाएगी। मुंबई में ऐसा माहौल बना देंगे कि कोई सोच भी नहीं सकता।“
सलमान के साथ काम करने वालों को मारने की धमकी
ऑडियो में ये भी कहा गया कि, “अगर कोई छोटा-मोटा कलाकार या डायरेक्टर भी सलमान के साथ दिखा, तो हम उसे मार देंगे। चाहे जितनी भी हदें पार करनी पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे।”
सलमान और लॉरेंस की पुरानी दुश्मनी
गौरतलब है कि सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच दुश्मनी सालों पुरानी है। यह रंजिश 1998 के काले हिरण शिकार केस से जुड़ी है। लॉरेंस का दावा है कि सलमान को उनके समाज से माफी मांगनी चाहिए। इसी वजह से वह सलमान को कई बार निशाना बनाने की कोशिश कर चुका है। यहां तक कि सलमान के घर के बाहर भी फायरिंग हो चुकी है। इन हमलों के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, और अब वे बुलेटप्रूफ कार से ही सफर करते हैं।
सलमान खान का रिएक्शन
हालांकि, इन धमकियों का सलमान खान के काम पर कोई असर नहीं पड़ा है। वह लगातार फिल्मों की शूटिंग कर रहे हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था – “जितनी उम्र भगवान ने लिखी है, उतनी ही मिलेगी। सब अल्लाह और भगवान पर है।”
