नकली नोट खपाने की कोशिश, पुलिस ने दबोचे 2 नाबालिग
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे दो नाबालिगों को धर दबोचा है। आरोपियों के पास से 100-100 रुपए के कुल 53 जाली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
दुकानों में चलाने की कोशिश कर रहे थे नकली नोट
जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक दुकानों में नकली नोट देकर सामान खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर एसएसपी आईके एलीसेला, एएसपी दिनेश कुमार सिन्हा और एसडीओपी मोहसिन खान के निर्देशन में कांकेर पुलिस की टीम ने दबिश दी।
जेबों से मिले नकली नोट
तलाशी के दौरान एक आरोपी की लोवर से 18 नोट और दूसरे की जींस से 28 नोट बरामद हुए। पूछताछ के बाद आरोपियों के बताए ठिकाने से 7 और नोट मिले। इस तरह कुल 53 जाली नोट जब्त किए गए।
दर्ज हुआ मामला
कांकेर थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 358/2025 दर्ज कर धारा 179, 180, 305, 331(4) बीएनएस के तहत केस कायम किया है। दोनों नाबालिगों को आज न्यायालय में पेश किया गया।
