IPS Dangi Sexual Harassment Case: यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद हटाए गए IG डांगी, अजय यादव को मिली नई जिम्मेदारी

रायपुर। IPS Dangi Sexual Harassment Case: छत्तीसगढ़ पुलिस अकादमी चंदखुरी के आईजी रतनलाल डांगी को उनके पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई उन पर लगे यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोपों के बाद की गई है। राज्य सरकार के गृह विभाग ने 14 दिन की आंतरिक जांच रिपोर्ट के बाद यह निर्णय लिया।

अब उनकी जगह रायपुर रेंज के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय यादव को पुलिस अकादमी का नया प्रभारी बनाया गया है।

महिला योग प्रशिक्षक ने लगाए थे गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग में पदस्थ एक एसआई की पत्नी, जो पेशे से योग टीचर हैं, ने आईजी रतनलाल डांगी पर यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। महिला ने पुलिस मुख्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामला गंभीर रूप से सामने आया।

शिकायत के बाद मामला मीडिया में चर्चा का विषय बन गया, जिसके बाद सरकार ने तुरंत आंतरिक जांच समिति गठित कर जांच शुरू करवाई।

डांगी ने महिला पर ब्लैकमेलिंग का लगाया था आरोप

वहीं, आईजी डांगी ने भी अपनी सफाई में महिला पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि उन्होंने पहले ही इस संबंध में शिकायत दी थी। हालांकि, गृह विभाग की जांच रिपोर्ट में प्राथमिक रूप से महिला के आरोपों को गंभीर माना गया, जिसके बाद डांगी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया।

जांच जारी, हो सकती है विभागीय कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, जांच अभी भी जारी है। यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो रतनलाल डांगी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल, उन्हें पुलिस अकादमी के पद से मुक्त कर दिया गया है और वरिष्ठ आईपीएस अजय यादव को कार्यभार सौंप दिया गया है।

यह मामला राज्य के पुलिस विभाग में संवेदनशील और चर्चा में रहने वाला मामला बन गया है, जिसने एक बार फिर वरिष्ठ अधिकारियों के आचरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Youthwings