IndiGo Flight Rough Landing: रनवे टच करते ही उछला विमान, रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की रफ लैंडिंग
IndiGo Flight Rough Landing: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर शनिवार (14 फरवरी) को एक बड़ा हादसा टल गया। भोपाल से रायपुर आ रही IndiGo की फ्लाइट संख्या 6E 7302 की लैंडिंग के दौरान तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। रनवे को टच करते ही विमान अचानक उछल गया, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और अनुभव के चलते विमान को दूसरे प्रयास में सुरक्षित उतार लिया गया।
रनवे टच करते ही लगा झटका
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट दोपहर 1:29 बजे भोपाल से रवाना हुई थी और 2:40 बजे रायपुर पहुंचने का निर्धारित समय था। विमान समय पर एयरपोर्ट पहुंचा, लेकिन लैंडिंग के दौरान रनवे को छूते ही तेज झटका लगा और विमान दोबारा ऊपर उठ गया। यात्रियों ने बताया कि लगातार दो झटके महसूस हुए, जिससे कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
पायलट ने स्थिति को तुरंत संभालते हुए दोबारा लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू की और आखिरकार विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 38 मिनट का अतिरिक्त समय लगा और फ्लाइट 3:18 बजे लैंड हुई।
यात्रियों में दहशत, सभी सुरक्षित
रायपुर पहुंचे यात्रियों ने मीडिया को बताया कि जैसे ही विमान रनवे से टकराया, अचानक झटका लगा और प्लेन दोबारा ऊपर उठ गया। कुछ क्षणों के लिए यात्रियों को अनहोनी का अंदेशा हुआ, लेकिन दूसरी बार सफल लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
अगली फ्लाइट भी हुई प्रभावित
इस घटना का असर रायपुर से भोपाल जाने वाली इंडिगो की अगली फ्लाइट पर भी पड़ा। दोपहर 3:15 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट करीब 45 मिनट की देरी से शाम 4 बजे रवाना हुई।
हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों ने इस घटना को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
