India vs Pakistan Hockey: भारत ने पाकिस्तान को किया चारों खाने चित, 19-0 की महाविजय, सेमीफाइनल में बनाई जगह
India vs Pakistan Hockey: क्वार्टर फाइनल में भारत का एकतरफा दबदबा, पूजा मलिक ने दागे तीन गोल; सेमीफाइनल में मलेशिया या कोरिया से होगा मुकाबला
India vs Pakistan Hockey: भारत ने जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने गोलों की ऐसी बारिश की कि पाकिस्तान पूरे मुकाबले में बेबस नजर आया। कौन बनीं भारत की सबसे बड़ी स्टार और सेमीफाइनल में किस टीम से भिड़ेगा भारत? जानिए पूरी खबर।
India vs Pakistan Hockey: भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा, जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री
India vs Pakistan Hockey: विमेंस हॉकी जूनियर एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। गुरुवार, 10 सितंबर को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19-0 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से लेकर आखिरी मिनट तक पाकिस्तान पर अपना दबदबा बनाए रखा।
भारत की ओर से पूजा मलिक सबसे सफल खिलाड़ी रहीं। उन्होंने 27वें, 49वें और 51वें मिनट में गोल दागकर मुकाबले में अपनी हैट्रिक पूरी की।
पहले हाफ में ही भारत ने दागे 10 गोल
मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय टीम आक्रामक नजर आई। पहले दो क्वार्टर में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कुल 10 गोल दाग दिए। हाफटाइम तक स्कोर भारत के पक्ष में 10-0 हो चुका था।
तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन भारत ने इस दौरान भी तीन गोल दाग दिए। आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने फिर रफ्तार पकड़ते हुए छह और गोल कर दिए और स्कोर 19-0 तक पहुंचा दिया।
इन खिलाड़ियों ने भी किया शानदार प्रदर्शन
पूजा मलिक की हैट्रिक के अलावा कई भारतीय खिलाड़ियों ने दो-दो गोल किए। चंद्रकांत सानिका माने, मधु सिदार, सुप्रिया और ऐंद रोशनी ने दो-दो गोल दागकर टीम की बड़ी जीत में अहम योगदान दिया।
वहीं पूजा साहू, दिनेश तुनश्री काडू, सुखवीर कौर, गीता यादव, तनुजा टोप्पो, पूर्णिमा यादव, कृष्णा शर्मा और बिनिमा धन ने एक-एक गोल किया।
भारत के 19 गोल में 7 गोल पेनल्टी कॉर्नर से और दो गोल पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए आए, जबकि 11 गोल फील्ड गोल रहे।
India vs Pakistan Hockey: सेमीफाइनल में मलेशिया या कोरिया से भिड़ेगा भारत
इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना मलेशिया और कोरिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।
सेमीफाइनल मुकाबले 12 सितंबर को खेले जाएंगे।
एलीट पूल में भी भारत रहा था टॉप पर
भारत ने एलीट पूल चरण में भी शानदार प्रदर्शन किया था। भारत और चीन ने 10-10 अंक हासिल किए थे, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण भारतीय टीम एलीट पूल में शीर्ष स्थान पर रही।
भारत ने जापान, कोरिया और मलेशिया को हराया था, जबकि चीन के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ रहा था।
दूसरी ओर पाकिस्तान ने चैलेंजर पूल में चार मैचों से सात अंक हासिल किए और तीसरे स्थान पर रहा। चैलेंजर पूल में बांग्लादेश पहले और कजाखस्तान दूसरे स्थान पर रहे।

दो बार खिताब जीत चुका है भारत
विमेंस हॉकी जूनियर एशिया कप का यह 10वां संस्करण है। भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन है। 2024 में मस्कट में आयोजित प्रतियोगिता में भारत ने चीन को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था।
इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम दक्षिण कोरिया है, जिसने चार बार खिताब जीता है। कोरिया ने 1992, 1996, 2000 और 2008 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। वहीं चीन तीन बार 2004, 2012 और 2015 में चैंपियन बना है।
अब भारतीय टीम की नजर लगातार तीसरे खिताब पर है और पाकिस्तान के खिलाफ 19-0 की धमाकेदार जीत ने टीम के इरादे साफ कर दिए हैं।
