Ind vs Pak, Women’s World Cup: एशिया कप से वर्ल्ड कप तक, पाकिस्तान को भारत ने हर रविवार रुलाया

Ind vs Pak, Women's World Cup

Ind vs Pak, Women's World Cup

Ind vs Pak, Women’s World Cup: भारत-पाकिस्तान मुकाबले एक बार फिर चर्चा में हैं। एशिया कप के बाद आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी भारत ने पाकिस्तान को मात दी है। खास बात यह है कि पिछले चार लगातार रविवार से पाकिस्तान को भारत के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी है। इस वजह से पड़ोसी देश में रविवार का दिन ‘मातम का दिन’ बन गया है।

एशिया कप से वर्ल्ड कप तक जारी रहा सिलसिला

14 सितंबर को एशिया कप के लीग मैच में पाकिस्तान की हार से शुरुआत हुई थी। इसके बाद 21 सितंबर को सुपर-4 मुकाबले में भी भारत ने जीत हासिल की। 28 सितंबर को एशिया कप का फाइनल खेला गया, जिसमें सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। अब 5 अक्टूबर को महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी भारत ने पाकिस्तान को हराकर चौथा झटका दिया।

CM विष्णुदेव साय ने दी बधाई

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में भारत ने शानदार जीत हासिल की है। इस ऐतिहासिक जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी है।

सीएम साय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा— “आज ICC महिला विश्व कप 2025 के रोमांचक मुकाबले में हमारी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैदान पर भारत की अजेय ताकत का परचम लहराया है। यह जीत न केवल एक मैच की जीत है, बल्कि भारतीय नारी शक्ति के सशक्तिकरण की प्रतीक है।”

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की हालत खस्ता

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत भले कमजोर रही, लेकिन ऋषा घोष की तेजतर्रार 35 रन की पारी और टॉप ऑर्डर की साझेदारियों के दम पर भारतीय टीम ने 247 रन बनाए। इसके जवाब में क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी (3-3 विकेट) ने पाकिस्तान को 43 ओवर में सिर्फ 159 रन पर ढेर कर दिया।

लगातार हार से टूटा हौसला

यह पाकिस्तान महिला टीम की वनडे क्रिकेट में लगातार 12वीं हार रही। भारत के खिलाफ अब तक वह जीत दर्ज नहीं कर पाई है। वहीं, लगातार चार रविवार को हुई हार से पाकिस्तान क्रिकेट जगत और प्रशंसक सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को लोग “संडे इज़ इंडियाज डे” कहकर चुटकी ले रहे हैं।

Youthwings