IND vs NZ ODI Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, ये धाकड़ खिलाड़ी सीरीज से हुआ बाहर
IND vs NZ ODI Series: भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के बीच टीम इंडिया को झटका लगा है। भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण सीरीज़ के शेष मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 26 वर्षीय आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है। बडोनी राजकोट में टीम से जुड़ेंगे, जहां 14 जनवरी को दूसरा वनडे खेला जाएगा।
दरअसल, रविवार को वडोदरा में खेले गए पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय सुंदर को बाईं निचली पसली में दर्द महसूस हुआ। BCCI के अनुसार, उन्हें स्कैन के लिए भेजा गया है और मेडिकल टीम विशेषज्ञों की सलाह के बाद उनकी स्थिति का आकलन करेगी। सुंदर ने मैच में 5 ओवर में 27 रन दिए थे। न्यूजीलैंड की पारी के दौरान पसलियों में खिंचाव के चलते वे मैदान छोड़कर बाहर चले गए और फील्डिंग के लिए वापस नहीं लौटे।
हालांकि चोट के बावजूद सुंदर ने बल्लेबाजी की। रन चेज में उन्होंने नंबर-8 पर उतरकर नाबाद 7 रन बनाए और केएल राहुल के साथ 16 गेंदों में 27 रनों की अहम साझेदारी की। राहुल 29 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 49 ओवर में 6 विकेट पर 306 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से अपने नाम किया।
आयुष बडोनी कौन हैं?
आयुष बडोनी दिल्ली के दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज़ हैं, जो उपयोगी स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। वे सॉनेट क्रिकेट क्लब से निकले हैं—यही क्लब शिखर धवन और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों को भी तैयार कर चुका है। अंडर-19 स्तर पर राहुल द्रविड़ ने उनकी प्रतिभा पहचानी थी। श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए 185 रन की शानदार पारी खेली थी और 4 विकेट भी झटके थे।
आईपीएल में बडोनी को शुरुआती वर्षों में सफलता नहीं मिली और वे दो बार अनसोल्ड रहे, लेकिन 2022 उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बना। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए डेब्यू मैच में उन्होंने 29/4 के दबाव में 41 गेंदों पर 54 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा। उनकी बेखौफ बल्लेबाजी से प्रभावित होकर कप्तान केएल राहुल ने उन्हें ‘बेबी एबी’ का निकनेम दिया।
भारत की अपडेटेड टीम (दूसरा और तीसरा वनडे):
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आयुष बडोनी
