IMD Alert: बंगाल की खाड़ी से उठे ‘मोंथा’ तूफान से छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

‘मोंथा’ तूफान

‘मोंथा’ तूफान

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब गहराकर और अधिक निम्न दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया है। इस प्रणाली से उत्पन्न हो रहा चक्रवात ‘मोंथा’ धीरे-धीरे भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि आने वाले दिनों में यह चक्रवात और भीषण रूप ले सकता है।

ओडिशा के सभी 30 जिले अलर्ट पर

ओडिशा सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य के सभी 30 जिलों को अलर्ट पर रखा है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि बचाव और राहत कार्यों के लिए टीमें और मशीनें पूरी तरह तैयार हैं। आईएमडी ने दक्षिणी और तटीय जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में कुछ इलाकों में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज होने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट, सेना तैयार

आंध्र प्रदेश सरकार ने मोंथा चक्रवात की आशंका को देखते हुए राहत और आपूर्ति की कार्ययोजना तैयार कर ली है। सेना की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल में भी तूफान का असर देखने को मिलेगा, खासकर तटीय इलाकों में तेज हवाएं और भारी बारिश की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा असर

चक्रवात मोंथा का प्रभाव छत्तीसगढ़ के दक्षिणी इलाकों में भी दिखेगा। 28 और 29 अक्टूबर को राज्य में भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने बताया कि यह चक्रवात मंगलवार की शाम या रात को आंध्र तट के काकीनाडा के आसपास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ गुजर सकता है।

अगले 24 घंटे में भीषण चक्रवात बनने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, यह प्रणाली अगले 24 घंटे में चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगी। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर पश्चिम की दिशा में बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की सुबह तक भीषण चक्रवात में तब्दील हो सकती है।

राज्यों में असर का अनुमान

ओडिशा: 27 से 30 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश।

छत्तीसगढ़: 28-29 अक्टूबर को तेज बारिश की संभावना।

झारखंड और बिहार: 29-31 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम: 28-30 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ बारिश।

दक्षिण भारत (तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक): अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा।

 

Youthwings